Shambhavi Tiwari UPSC Topper: कड़ी मेहनत, सही रणनीति और लगातार प्रयास किसी भी बड़े सपने को सच कर सकते हैं. यही साबित किया है शांभवी तिवारी ने. इन्होंने UPSC सिविल सर्विस एग्जाम 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक 46 हासिल की. कई चुनौतियों और प्रयासों के बाद मिली यह सफलता न केवल उनके लिए बल्कि उन लाखों युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस में जाने का सपना देखते हैं. आइए शांभवी तिवारी की जर्नी को करीब से जानते हैं.
Shambhavi Tiwari UPSC Topper: कौन हैं शांभवी तिवारी?
शांभवी तिवारी (Shambhavi Tiwari UPSC Topper) मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के तिंदवारी क्षेत्र से संबंध रखती हैं. उनका परिवार बाद में उत्तराखंड के हल्द्वानी में बस गया, जहां उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की. बचपन से ही वह पढ़ाई में तेज रही हैं और सिविल सर्विस में जाने का सपना देखती थीं. शांभवी के पिता सुशील तिवारी उत्तराखंड में इतिहास के टीचर हैं और उनकी मां निवेदिता तिवारी एक डिग्री कॉलेज में प्रोफेसर हैं. दोनों ने हमेशा अपनी बेटी को पढ़ाई के लिए प्रेरित किया और कठिन समय में उसका हौसला बढ़ाया.
कहां से की थी पढ़ाई?
Shambhavi Tiwari ने पंतनगर यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है. यहां वह गोल्ड मेडलिस्ट भी रहीं. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने तय कर लिया था कि उन्हें एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस में जाना है और इसके लिए उन्होंने तैयारी शुरू कर दी.
तीसरे प्रयास में मिली बड़ी सफलता
UPSC में सफलता एक दिन में नहीं मिलती है. शांभवी ने भी कई प्रयासों के बाद यह मुकाम हासिल किया. 2024 में उन्होंने AIR 445 हासिल की थी, जिसके बाद उनका सिलेक्शन इंडियन रेलवे ट्रैफिक सर्विस (IRTS) में हुआ. पर इससे वह संतुष्ट नहीं हुई. उनका लक्ष्य IAS बनना था, इसलिए उन्होंने तैयारी जारी रखी. कड़ी मेहनत और बेहतर स्ट्रेटेजी के साथ 2025 में उन्होंने 46वीं रैंक हासिल किया.
यह भी पढ़ें: साहिबगंज की बेटी निहारिका ने रचा इतिहास, UPSC में 365 रैंक
