माता-पिता डॉक्टर, बेटा NEET UG टॉपर, आर्यन 715 मार्क्स लाकर बने AIR 1

NEET UG Topper 2026 Aryan Gupta: नीट यूजी परीक्षा 2026 में पंजाब के लुधियाना के रहने वाले आर्यन गुप्ता ने टॉप किया है. नीट यूजी री-एग्जाम में 720 में से 715 अंक लाकर उन्होंने AIR 1 हासिल कर ली. आर्यन के टॉपर बनने की कहानी बेहद रोचक और प्रेरणादायक है.

NEET UG Topper 2026 Aryan Gupta: कई बार जिंदगी आपको वहीं पर परखती है, जहां मंजिल सबसे करीब होती है. कुछ ऐसा ही हुआ पंजाब के लुधियाना के रहने वाले 17 साल के आर्यन गुप्ता के साथ. NEET UG 2026 की पहली परीक्षा पेपर लीक विवाद के कारण रद्द हो गई. जिस दिन परीक्षा रद्द होने की खबर आई, उस दिन आर्यन काफी निराश हुए और खूब रोए भी.

आर्यन गुप्ता को लगा कि महीनों की मेहनत एक झटके में बेकार हो गई. लेकिन अगले ही दिन उन्होंने खुद को संभाला और फिर से किताबें खोल लीं. यही फैसला आज उन्हें देश का संयुक्त टॉपर बना चुका है. आर्यन की ड्रीम जॉब है कि वो कैंसर स्पेशलिस्ट बने.

डॉक्टर माता-पिता से मिली प्रेरणा

आर्यन का परिवार मेडिकल प्रोफेशन से जुड़ा हुआ है. उनके पिता डॉ सचिन गुप्ता एनेस्थेटिस्ट हैं, जबकि मां डॉ रीनू गुप्ता गायनेकोलॉजिस्ट हैं. ऐसे माहौल में बड़े होने के कारण बचपन से ही उनका सपना डॉक्टर बनने का था. लेकिन सिर्फ परिवार का पेशा ही उनकी सफलता की वजह नहीं बना.

NEET UG पेपर लीक ने बढ़ाई चिंता

आर्यन बताते हैं कि जब परीक्षा रद्द हुई तो उनके बड़े भाई आदित्य, जो खुद MBBS की पढ़ाई कर रहे हैं, ने उनका हौसला बढ़ाया. उन्होंने कहा कि री-एग्जाम एक नई शुरुआत है और अब पहले से बेहतर प्रदर्शन करने का मौका मिला है. भाई की यही बात आर्यन के लिए सबसे बड़ी ताकत बन गई.

NEET UG 2026 Toppers List Check Here

एक हफ्ते बाद लौटा कॉन्फिडेंस

आर्यन के मुताबिक परीक्षा रद्द होने के बाद दोबारा पढ़ाई की लय पकड़ना आसान नहीं था. लगभग एक हफ्ते तक उनका मन पढ़ाई में नहीं लगा. लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने अपना पूरा फोकस दोबारा तैयारी पर लगा दिया.

उन्होंने रोजाना नियमित पढ़ाई की, पुराने नोट्स दोहराए, मॉक टेस्ट दिए और कमजोर विषयों पर खास ध्यान दिया. आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने 715 अंक हासिल कर पूरे देश में पहला स्थान साझा किया. हरियाणा के पांशुल बंसल ने भी 715 अंक के साथ AIR 1 हासिल की.

स्कूल से लेकर NEET तक टॉपर

आर्यन ने अपनी स्कूली पढ़ाई लुधियाना के Sacred Heart Convent School से पूरी की. पढ़ाई के दौरान वह हमेशा अनुशासित रहे और समय का सही इस्तेमाल करना उनकी सबसे बड़ी आदत रही. यही कारण है कि मुश्किल हालात में भी उन्होंने अपना लक्ष्य नहीं छोड़ा.

इस साल NEET UG 2026 में कुल 11.21 लाख अभ्यर्थी सफल हुए. 19 छात्रों ने 700 या उससे ज्यादा अंक हासिल किए. 1,492 छात्रों ने 650 से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 10 हजार से ज्यादा छात्रों ने 600 से ऊपर स्कोर किया. पिछले साल के मुकाबले इस बार टॉप स्कोर भी काफी ज्यादा रहा.

ये भी पढ़ें: NEET UG में नवादा के आयुष भलोटिया ने किया टॉप, AIR 4, देखें मार्कशीट


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

रवि मल्लिक पिछले 7 सालों से डिजिटल पत्रकारिता से जुड़े हैं. स्कूली शिक्षा से लेकर नौकरी तक की खबरों पर काम करना पसंद है. युवाओं को बेहतर करियर ऑप्शन, करंट अफेयर्स और नई वैकेंसी के बारे में बताना अच्छा लगता है. बोर्ड परीक्षा हो या UPSC, JEE और NEET एग्जाम टॉपर्स से बात करना और उनकी स्ट्रेटजी के बारे में जानना पसंद है. युवाओं को प्रेरित करने के लिए उनके बीच के मुद्दों को उठाना और सही व सटीक जानकारी देना ही उनकी प्राथमिकता है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >