IIT Madras : इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मद्रास ने ड्रोन टेक्नोलॉजी में रुचि रखनेवाले युवाओं से स्वार्म ड्रोन टेक्नोलॉजी पर आधारित 5 दिवसीय हैंड-ऑन सिम्पोजियम के लिए आवेदन आमंत्रित किये हैं. यह प्रोग्राम इलेक्ट्रॉनिक्स और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी मिनिस्ट्री (एमईआईटीवाई) की राष्ट्रीय पहल 'स्वयान' के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य भारत में मानवरहित विमान प्रणाली (यूएएस) और ड्रोन पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना है.
जानें प्रोग्राम के बारे में
आईआईटी मद्रास के एयरोस्पेस इंजीनियरिंग विभाग द्वारा आयोजित यह प्रोग्राम ड्रोन से जुड़ी टेक्निकल लर्निंग को प्रैक्टिकल ट्रेनिंग के साथ जोड़ेगा. इस प्रोग्राम में पार्टिसिपेंट्स ड्रोन फंडामेंटल, ऑटोनॉमी एवं फ्लाइंग कंट्रोल, कम्युनिकेशन एवं मल्टी-एजेंट सिस्टम, स्वार्म एल्गोरिदम और उभरती हुई ड्रोन टेक्नोलॉजी के बारे में सीखेंगे. 12 से 16 अक्तूबर तक संचलित होनेवाला यह प्रोग्राम पार्टिसिपेंट्स को क्वाडकोप्टर असेंबली, मिशन प्लानिंग, ड्रोन सिमुलेशन और फ्लाइंग के माध्यम से प्रैक्टिकल एक्सपोजर भी प्रदान करेगा.
इसे भी पढ़ें : SSC CHSL 2026 : पक्की करें सरकारी नौकरी, 2536 पदों पर है आवेदन का मौका
प्रोग्राम में हिस्सा लेनेवाले युवाओं को टेक्निकल सेशंस के साथ-साथ इंडस्ट्री एक्सपर्ट से बातचीत करने और एक ड्रोन टेक्नोलॉजी कंपनी का दौरा करने का अवसर प्रदान किया जायेगा. यह सिम्पोजियम विश्वसनीय और स्वायत्त (ऑटोनॉमस) ड्रोन स्वार्म विकसित करने के लिए आवश्यक तकनीकों पर चर्चा करने के लिए फैकल्टी और स्कॉलर्स को एक मंच पर लायेगा.
आप ऐसे कर सकते हैं आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार इस प्रोग्राम में शामिल होने के लिए 5 अक्तूबर, 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. रजिस्ट्रेशन या प्रोग्राम से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए आधिकारिक ई-मेल आईडी aero.events@smail.iitm.ac.in पर संपर्क करें.
