अगर आप नौकरी के साथ पढ़ाई करना चाहते हैं या किसी कारणवश रेगुलर कॉलेज नहीं जा सकते हैं, तो इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) आपके लिए एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. डिस्टेंस लर्निंग की बात होते ही सबसे पहले IGNOU का नाम सामने आता है. यह देश का सबसे बड़ा ओपन यूनिवर्सिटी सिस्टम है, जहां हर साल लाखों छात्र विभिन्न कोर्सों में एडमिशन लेते हैं.
IGNOU जुलाई सेशन के लिए जारी है एडमिशन प्रक्रिया
IGNOU के जुलाई 2026 एडमिशन साइकिल के लिए ODL (Open and Distance Learning) प्रोग्राम में आवेदन प्रक्रिया जारी है. कैंडिडेट्स 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं. अप्लाई करने के लिए IGNOU के ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं, यहां होम पेज पर एडमिशन सेक्शन में जाकर संबंधित प्रोग्राम पर क्लिक करें.
NIRF रैंकिंग में पहला स्थान
NIRF Ranking 2025 के अनुसार, ओपन यूनिवर्सिटी कैटेगरी में IGNOU को पहला स्थान मिला है. वर्ष 1985 में इस यूनिवर्सिटी की स्थापना हुई थी. यह संस्थान विदेशों में भी अपनी पढ़ाई के लिए जाना जाता है. इस यूनिवर्सिटी से स्टूडेंट्स के साथ-साथ वर्किंग प्रोफेशनल भी पढ़ाई कर सकते हैं.
डिप्लोमा से लेकर पीएचडी तक के कोर्स ऑफर किए जाते हैं
IGNOU की ऑफिशियल वेबसाइट ignou.ac.in के अनुसार, विश्वविद्यालय वर्तमान में करीब 333 प्रोग्राम ऑफर करता है. यहां ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, MBA, डिप्लोमा, सर्टिफिकेट, वोकेशनल कोर्स, फॉरेन लैंग्वेज और कई स्किल बेस्ड प्रोग्राम उपलब्ध हैं. छात्र अपनी रुचि और करियर के अनुसार किसी भी कोर्स का सेलेक्शन कर सकते हैं.
IGNOU की फीस
IGNOU की सबसे बड़ी खासियत इसकी कम फीस है. यहां कई सर्टिफिकेट और डिप्लोमा कोर्स की फीस 1,500 रुपये से शुरू होती है, जबकि कई डिग्री और प्रोफेशनल कोर्स की फीस 10,000 रुपये या उससे अधिक हो सकती है. हर साल विश्वविद्यालय फीस में बदलाव कर सकता है, इसलिए आवेदन से पहले संबंधित कोर्स की फीस आधिकारिक वेबसाइट पर जरूर जांच लें.
इसके अलावा IGNOU के रीजनल सेंटर (Regional Centres) और स्टडी सेंटर (Study Centres) लगभग सभी राज्यों में मौजूद हैं. इससे छात्रों को असाइनमेंट जमा करने, काउंसलिंग क्लास में भाग लेने और परीक्षा संबंधी सुविधाएं आसानी से मिल जाती हैं. यही वजह है कि नौकरी करने वाले लोगों के बीच भी IGNOU काफी लोकप्रिय है.
ऐसे करें IGNOU में एडमिशन
- IGNOU में प्रवेश के लिए सबसे पहले ignou.ac.in की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
- इसके बाद Admission सेक्शन में जाकर Admission for ODL Programme लिंक पर क्लिक करें.
- यहां अपनी पसंद के कोर्स का सेलेक्शन करें.
- ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करें.
- जरूरी डॉक्यूमेंट्स अपलोड करें और निर्धारित फीस जमा करके आवेदन प्रक्रिया पूरी करें.
यह भी पढ़ें- एक पिज्जा की कीमत में इस सरकारी मेडिकल कॉलेज में ले सकते हैं एडमिशन
