NCHM JEE 2025: अब भी है एनसीएचएम जेईई 2025 के लिए आवेदन का मौका, बनेगी होटल मैनेजमेंट में करियर राह

होटल मैनेजमेंट में करियर बनाने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण परीक्षा एनसीएचएम जेईई 2025 के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि आगे बढ़ा दी गयी है. बारहवीं के बाद होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई करने का इरादा रखते हैं और अभी तक एनटीए की ओर से अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित होनेवाले इस एंट्रेंस टेस्ट के लिए आवेदन नहीं कर सके हैं, तो आपके पास अभी भी आवेदन का मौका है...

NCHM JEE 2025 : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट ज्वाइंट एंट्रेस एग्जामिनेशन (एनसीएचएम जेईई) -2025 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि आगे बढ़ा दी है. अब इस परीक्षा के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 28 फरवरी, 2025 है. यह उन छात्रों के लिए एक बेहतरीन मौका है, जो होटल मैनेजमेंट के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं, लेकिन अभी तक इस टेस्ट के लिए आवेदन नहीं कर सके हैं. इस टेस्ट के माध्यम से केंद्र सरकार से संबद्ध 21 होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट एवं राज्य सरकारों के 30 होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट समेत कई अन्य संस्थानों में प्रवेश मिलेगा.

टेस्ट देने के लिए जरूरी योग्यता

किसी भी स्ट्रीम, जिसमें अंग्रेजी एक विषय के तौर पर शामिल हो, बारहवीं या समकक्ष परीक्षा पास या वर्ष 2025 में बारहवीं की परीक्षा में बैठ रहे अभ्यर्थी एनसीएचएम जेईई-2025 के लिए आवेदन कर सकते हैं. लेकिन आपको 30 सितंबर, 2025 से पहले परीक्षा का प्रमाण पत्र जमा करना होगा. अधिक जानकारी के लिए नोटिफिकेशन देख सकते हैं.

कोर्स, जिसमें मिलेगा एडमिशन

एनसीएचएम जेईई-2025 से शैक्षणिक सत्र 2025-26 में बीएससी (हॉस्पिटैलिटी एंड होटल एडमिनिस्ट्रेशन) में एडमिशन हासिल कर सकते हैं. बीएससी (हॉस्पिटैलिटी एंड होटल एडमिनिस्ट्रेशन) नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट से प्रस्तावित एवं जेएनयू से मान्यताप्राप्त तीन वर्षीय कोर्स है, जिसमें छात्र हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के लिए आवश्यक कौशल हासिल करते हैं. इस कोर्स में छात्र फूड प्रोडक्शन, फूड एवं बेवरेज सर्विस, फ्रंट ऑफिस ऑपरेशंस एवं हाउसकीपिंग का गहन प्रशिक्षण हासिल करते हैं. इसके साथ ही इस कोर्स में होटल अकाउंटेंसी, फूड सेफ्टी एवं क्वालिटी, ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट, फैसिलिटी प्लानिंग, फाइनेंशियल मैनेजमेंट, स्ट्रेटेजिक मैनेजमेंट, टूरिज्म मार्केटिंग एवं मैनेजमेंट की भी पढ़ाई करायी जाती है.

टेस्ट का पैटर्न और पाठ्यक्रम

एनसीएचएम जेईई 2025 कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) है, जिसमें बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जायेंगे. प्रश्न पत्र का माध्यम अंग्रेजी और हिंदी में होगा. टेस्ट में कुल 200 प्रश्न होंगे. इनमें न्यूमेरिकल एबिलिटी एवं एनालिटिकल एप्टीट्यूड, रीजनिंग एवं लॉजिकल डिडक्शन, जनरल नॉलेज एवं करेंट अफेयर्स के क्रमशः: 30-30 प्रश्न, इंग्लिश लैंग्वेज के 60 और सर्विस सेक्टर एप्टीट्यूड के 50 प्रश्न होंगे. प्रत्येक प्रश्न चार अंक का होगा और हर गलत जवाब पर एक अंक काट लिया जायेगा. टेस्ट में प्राप्त अंकों के आधार पर अखिल भारतीय मेरिट सूची तैयार की जायेगी.

ऐसे करें आवेदन

एनटीए एनसीएचएम की वेबसाइट से ऑनलाइन आवेदन करना है.
अंतिम तिथि : 28 फरवरी, 2025, शाम 5 बजे से पहले तक आवेदन कर सकते हैं.
परीक्षा की तिथि : 27 अप्रैल, 2025

इसे भी पढ़ें : Admission Alert 2025 : एफडीडीआई में प्रवेश लेकर फुटवियर डिजाइन में बनाएं करियर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Singh Parihar

Senior Copywriter, 15 years experience in journalism. Have a good experience in Hindi Literature, Education, Travel & Lifestyle...

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >