AKTU BTech Paper Leak: उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित Dr APJ Abdul Kalam Technical University में BTech छठे सेमेस्टर की परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद बड़ा फैसला लिया गया है. यूनिवर्सिटी ने कंप्यूटर साइंस के ‘कंप्यूटर नेटवर्क’ विषय की परीक्षा रद्द कर दी है. अब यह परीक्षा 5 जून 2026 को दोबारा आयोजित की जाएगी.
135 एग्जाम सेंटर पर हुई थी परीक्षा
AKTU की परीक्षा कुल 135 केंद्र पर चल रही थी. पेपर लीक की खबरों के बाद इस परीक्षा को रद्द कर दिया गया है. 21 मई को आयोजित हुई परीक्षा से करीब 25 से 30 मिनट पहले क्वेश्चनपेपर सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप-टेलीग्राम ग्रुप्स पर वायरल हो गया था. शुरुआती जांच में पाया गया कि नोएडा के एक परीक्षा केंद्र के लॉगिन आईडी और पासवर्ड का दुरुपयोग करके पेपर लीक किया गया.
कैसे सामने आया मामला?
गाजियाबाद के एक एग्जाम सेंटर पर जांच के दौरान एक छात्र के पास ऐसी पर्चियां मिलीं, जिनमें वही सवाल और जवाब लिखे थे जो असली प्रश्नपत्र में आए थे. इसके बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मामले की जांच शुरू की.
जांच समिति गठित
यूनिवर्सिटी ने मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति बनाई है. साइबर सेल और पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई गई है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि प्रश्नपत्र आखिर किस तरह लीक हुआ.
छात्रों में बढ़ी चिंता
AKTU अब परीक्षा प्रणाली को और सुरक्षित बनाने की तैयारी कर रहा है. परीक्षा केंद्रों को हर दिन पासवर्ड रीसेट करने और लॉगिन डिटेल्स सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं. पेपर लीक की घटना के बाद छात्रों के बीच चिंता का माहौल है. कई छात्रों का कहना है कि परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित हुई है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
यह भी पढ़ें- IGNOU July Admission 2026: शुरू हुए आवेदन, फॉर्म भरने के लिए APAAR ID जरूरी
