Study in Finland: दुनियाभर में कुछ ऐसे देश हैं जो अपनी बेहतरीन पढ़ाई के लिए जाने जाते हैं. इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह वहां का माहौल होता है. क्या आप जानते हैं कि दुनिया का सबसे खुशहाल देश कौन सा है. आपको जानकर हैरानी होगी कि कड़ाके की ठंड और महज 56 लाख की आबादी वाला देश फिनलैंड, वर्ल्ड हैप्पीनेस रिपोर्ट के अनुसार पिछले 9 सालों से लगातार दुनिया का सबसे खुशहाल देश बना हुआ है.
खुशहाली के साथ-साथ फिनलैंड का एजुकेशन सिस्टम भी दुनिया में सबसे बेस्ट माना जाता है. ऐसे में अगर कोई भारतीय छात्र वहां जाकर (Study in Finland) पढ़ाई करना चाहता है, तो उसे कितना खर्च करना होगा और वहां कौन सी टॉप यूनिवर्सिटीज हैं, आइए इसके बारे में जानते हैं.
Study in Finland: फिनलैंड की टॉप यूनिवर्सिटीज
फिनलैंड में पढ़ाई के लिए कई बेहतरीन इंस्टीट्यूट हैं. जैसे-
- हेल्सिंकी यूनिवर्सिटी: यह फिनलैंड की राजधानी में स्थित है. यह यहां की सबसे पुरानी और सबसे बड़ी यूनिवर्सिटी है, जिसकी शुरुआत साल 1640 में हुई थी.
- आल्टो यूनिवर्सिटी: साल 2010 में तीन अलग-अलग यूनिवर्सिटीज को मिलाकर इसे बनाया गया था. यह यूनिवर्सिटी इनोवेशन के लिए जाना जाता है.
- यूनिवर्सिटी ऑफ तुर्कू: यह फिनलैंड की दूसरी सबसे बड़ी यूनिवर्सिटी है, जहां 20 हजार से ज्यादा छात्र पढ़ते हैं.
- यूनिवर्सिटी ऑफ जिवैस्क्यूला: इसे खास तौर पर टीचर्स की बेहतरीन ट्रेनिंग के लिए जाना जाता है.
- यूनिवर्सिटी ऑफ ईस्टर्न फिनलैंड: इसे भी साल 2010 में दो बड़ी यूनिवर्सिटीज को आपस में जोड़कर बनाया गया था.
- इनके अलावा यूनिवर्सिटी ऑफ ओउलू, टेम्परे यूनिवर्सिटी और लपेंरांता यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी भी छात्रों के बीच काफी पॉपुलर हैं.
भारतीय छात्रों के लिए कितनी है ट्यूशन फीस?
अगर आप यूरोप से बाहर के किसी देश (जैसे भारत) के नागरिक हैं, तो फिनलैंड में बैचलर्स और मास्टर्स कोर्स करने के लिए आपको ट्यूशन फीस देनी होगी. ‘स्टडी इन फिनलैंड’ के ऑफिशियल डेटा के अनुसार, यहां सालाना ट्यूशन फीस 8000 यूरो (लगभग 8.91 लाख रुपये) से लेकर 20000 यूरो (लगभग 22 लाख रुपये) के बीच होती है. यह इस बात पर निर्भर करता है कि आपने कौन सी यूनिवर्सिटी और कौन सा कोर्स चुना है. अच्छी बात यह है कि यहां PhD करने के लिए किसी भी देश के नागरिक से कोई फीस नहीं ली जाती.
Study in Finland: रहने और खाने का मंथली खर्च
फिनलैंड रहने के लिहाज से थोड़ा महंगा देश माना जाता है. पढ़ाई की फीस के अलावा रहने और खाने का खर्च छात्रों को खुद उठाना पड़ता है. वहां एक छात्र के लिए हर महीने लगभग 800 यूरो (लगभग 89 हजार रुपये) की जरूरत होती है. लेकिन शहर और लोकेशन के हिसाब से यह खर्च 900 यूरो (लगभग 1 लाख रुपये) से लेकर 1200 यूरो (लगभग 1.30 लाख रुपये) महीना तक होता है. इस बजट में आपका रूम रेंट, खाना और आने-जाने (ट्रैवल) का खर्च शामिल होता है.
स्टूडेंट यूनियन और हेल्थकेयर फीस भी है जरूरी
फिनलैंड में पढ़ाई (Study in Finland) के दौरान कुछ छोटे-मोटे अन्य खर्च भी होते हैं जो काफी फायदेमंद हैं. विदेशी छात्रों को हर साल लगभग 50 यूरो (लगभग 5500 रुपये) से 70 यूरो (लगभग 7700 रुपये) स्टूडेंट यूनियन की फीस के रूप में देने होते हैं.
इसका बड़ा फायदा यह है कि इस कार्ड की मदद से छात्रों को खाने और बसों-ट्रेनों के टिकट में अच्छा डिस्काउंट मिल जाता है. इसके अलावा, हेल्थ सर्विस (FSHS) का फायदा उठाने के लिए छात्रों को हर सेमेस्टर में लगभग 35 यूरो (लगभग 3900 रुपये) की स्टूडेंट हेल्थकेयर फीस भी देनी होती है.
यह भी पढ़ें: MLT vs Radiology: आज के समय में किस कोर्स की है ज्यादा डिमांड, जानें कहां मिलेगी मोटी सैलरी
