UP PCS Best Books: अगर आप घर बैठे UP PCS की तैयारी कर रहे हैं, तो कुछ चुनिंदा किताबें आपकी तैयारी को सही दिशा दे सकती हैं. खास बात यह है कि इन किताबों के साथ अच्छी रणनीति और लगातार अभ्यास हो, तो बिना कोचिंग के भी तैयारी की जा सकती है.
भारतीय राजव्यवस्था के लिए एम लक्ष्मीकांत
UP PCS की तैयारी में भारतीय राजव्यवस्था एक बेहद जरूरी हिस्सा है. इसके लिए एम लक्ष्मीकांत की Indian Polity को सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली किताबों में गिना जाता है. संविधान, संसद, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, न्यायपालिका, केंद्र-राज्य संबंध और संवैधानिक संस्थाओं जैसे विषयों को समझने में यह किताब काफी मदद करती है.
इसे पढ़ते समय सिर्फ लाइन पर लाइन पढ़ते जाने की जरूरत नहीं है. महत्वपूर्ण टॉपिक के छोटे-छोटे नोट्स बनाएं और पढ़ने के बाद खुद से सवाल पूछें. पहली बार में पूरी किताब याद करने की कोशिश करने के बजाय बार-बार दोहराने पर ज्यादा ध्यान दें.
Polity के लिए PCS स्वीटी उपाध्याय के टिप्स
| किताब | विषय | किसके लिए उपयोगी |
| Indian Polity - एम. लक्ष्मीकांत | भारतीय राजव्यवस्था | संविधान, संसद, राष्ट्रपति, न्यायपालिका और शासन व्यवस्था |
| A Brief History of Modern India - Spectrum | आधुनिक भारतीय इतिहास | स्वतंत्रता आंदोलन और आधुनिक इतिहास |
| NCERT कक्षा 6-12 | भूगोल | भारत और विश्व का भूगोल, बेसिक कॉन्सेप्ट मजबूत करने के लिए |
| Indian Economy - रमेश सिंह | भारतीय अर्थव्यवस्था | बजट, बैंकिंग, महंगाई, विकास और आर्थिक नीतियां |
| UP Special / Uttar Pradesh GK | उत्तर प्रदेश विशेष | UP का इतिहास, भूगोल, संस्कृति, अर्थव्यवस्था और योजनाएं |
इतिहास के लिए Spectrum की किताब
इतिहास की तैयारी में Spectrum की आधुनिक भारत की किताब काफी काम आती है. इसमें स्वतंत्रता आंदोलन, प्रमुख घटनाओं, आंदोलनों और महत्वपूर्ण व्यक्तियों से जुड़े विषय एक जगह मिल जाते हैं.
UP PCS में उत्तर प्रदेश से जुड़े इतिहास और संस्कृति के सवाल भी महत्वपूर्ण होते हैं. इसलिए सिर्फ किताब पढ़कर खुश न हो जाएं. उत्तर प्रदेश के इतिहास, प्रमुख आंदोलन, महत्वपूर्ण स्थल और सांस्कृतिक विरासत के लिए अलग से नोट्स तैयार करें.
इतिहास में एक और बात याद रखें. तारीखें रटने से ज्यादा जरूरी है घटनाओं का क्रम समझना. जब कहानी समझ में आ जाती है, तो बहुत सारी चीजें अपने आप याद रहने लगती हैं.
ये भी पढ़ें: UP PCS 2026 में आवेदन की डेट बढ़ी, 500 पदों के लिए इस दिन तक करें अप्लाई
भूगोल के लिए NCERT बनाएं आधार
भूगोल की तैयारी में महंगी किताब खरीदने से पहले NCERT को दोस्त बना लेना बेहतर है. कक्षा 6 से 12 तक की जरूरी NCERT किताबों से बेसिक जानकारी मजबूत की जा सकती है.
भारत की नदियां, मिट्टी, जलवायु, कृषि, खनिज, उद्योग और प्राकृतिक संसाधन जैसे विषयों को समझने के लिए NCERT काफी उपयोगी है. इसके बाद किसी अच्छी मानक भूगोल की किताब से विषय को और मजबूत किया जा सकता है.
PCS नेहा सिंह के टिप्स
अर्थव्यवस्था के लिए रमेश सिंह
अर्थव्यवस्था कई छात्रों को शुरू में ऐसी लगती है जैसे हर पन्ने पर कोई नया कठिन शब्द इंतजार कर रहा हो. लेकिन सही किताब और आसान तरीके से पढ़ें तो यह विषय काफी समझ में आने लगता है.
भारतीय अर्थव्यवस्था की तैयारी के लिए रमेश सिंह की किताब उपयोगी मानी जाती है. इसमें आर्थिक विकास, बैंकिंग, बजट, महंगाई, रोजगार, गरीबी और दूसरी महत्वपूर्ण अवधारणाओं को विस्तार से समझाया गया है.
हालांकि केवल किताब पढ़ना काफी नहीं है. अर्थव्यवस्था से जुड़े मौजूदा घटनाक्रम पर भी नजर रखें. बजट, आर्थिक सर्वेक्षण और महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं से जुड़े अपडेट परीक्षा के लिहाज से काम आ सकते हैं.
ये भी पढ़ें: ननद-भाभी की जोड़ी ने मारी बाजी, साथ पढ़कर पास की UP PCS परीक्षा
UP PCS के लिए Uttar Pradesh Special
UP PCS की तैयारी में उत्तर प्रदेश को नजरअंदाज करना सबसे बड़ी गलती हो सकती है. आखिर परीक्षा उत्तर प्रदेश की है, तो राज्य से जुड़े सवाल भी खूब पूछे जाते हैं.
इसके लिए बाजार में उपलब्ध किसी अच्छी Uttar Pradesh GK या Uttar Pradesh Special किताब का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसमें राज्य का इतिहास, भूगोल, अर्थव्यवस्था, संस्कृति, जनसंख्या, नदियां, कृषि, उद्योग और महत्वपूर्ण योजनाओं जैसे विषयों को कवर करें.
साथ ही उत्तर प्रदेश से जुड़ी ताजा खबरों और सरकारी योजनाओं को नियमित रूप से पढ़ते रहें. इससे आपकी राज्य से जुड़ी तैयारी और मजबूत होगी.
किताबें खरीद लीं, अब पढ़ेंगे कब?
यह सवाल सबसे जरूरी है. पांच किताबें खरीदकर मेज पर सजाने से UP PCS नहीं निकलेगा. किताबें कम रखें, लेकिन उन्हें बार-बार पढ़ें. शुरुआत में एक विषय के लिए एक मुख्य किताब तय करें. उसके बाद NCERT, करेंट अफेयर्स और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों को तैयारी में शामिल करें.
घर पर पढ़ाई कर रहे हैं तो रोज का छोटा लक्ष्य बनाएं. उदाहरण के लिए आज राजव्यवस्था का एक अध्याय, इतिहास का एक टॉपिक और 30 से 50 सवालों का अभ्यास. अगले दिन पिछले दिन पढ़े हिस्से का रिवीजन जरूर करें.
आखिर में किताब से ज्यादा जरूरी है रणनीति
UP PCS जैसी परीक्षा में किताबें आपकी तैयारी का आधार जरूर हैं, लेकिन सिर्फ किताबों के भरोसे सफलता की गारंटी नहीं मिलती. सिलेबस को अच्छी तरह समझना, पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र देखना, नियमित रिवीजन करना और करेंट अफेयर्स से जुड़े रहना उतना ही जरूरी है.
ये भी पढ़ें: सिलेबस बनेगा गाइड, गरिमा शर्मा ने बताया SDM बनने का तरीका
