Delhi Weather : दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि देखी गई, जबकि अधिकतम तापमान के 41-43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं. मौसम विभाग ने संभावित भीषण गर्मी की चेतावनी देते हुए 22 अप्रैल के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है.
पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार को दिन भर आसमान के मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है, हालांकि दिल्ली के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी के आसार हैं. दिन के दौरान 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं. अगले दो दिन तक भी मौसम के इसी तरह रहने की संभावना जताई जा रही है. शुक्रवार (24 अप्रैल) तक ‘येलो अलर्ट’ जारी रहेगा.
23 अप्रैल का मौसम: गुरुवार को अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री और न्यूनतम 22 से 24 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. हवा उत्तर-पश्चिम और पश्चिम दिशा से 10–15 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेगी. मौसम ज्यादातर साफ रहेगा, लेकिन कुछ जगहों पर लू चल सकती है.
यह भी पढ़ें : मौसम : लू का अलर्ट जारी, पारा जाएगा 40 के पार, IMD ने दी जानकारी
24 अप्रैल का मौसम: शुक्रवार को मौसम ज्यादातर साफ रहेगा. दिन का तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. हवा की रफ्तार लगभग 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी. कुछ जगहों पर लू चलने की भी संभावना है.
कितना तापमान रिकॉर्ड किया गया दिल्ली में
दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में बुधवार को न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री दर्ज हुआ. यह सामान्य से 1.1 डिग्री कम रहा, लेकिन पिछले दिन के मुकाबले 1.1 डिग्री ज्यादा है. अन्य मौसम केंद्रों में भी न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई. पालम में न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन से 2.4 डिग्री अधिक है. लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 1.8 डिग्री अधिक है जबकि आयानगर में न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मंगलवार से 2.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है.
