Small Cap Funds: शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद निवेशक अब भी स्मॉल-कैप म्यूचुअल फंड्स पर सबसे ज्यादा भरोसा जता रहे हैं. जो इंवेस्टर्स थोड़ा जोखिम उठाकर लंबी अवधि में बड़ा पैसा बनाना चाहते हैं, उनके लिए फरवरी 2026 की ताजा रिपोर्ट में कुछ बेहतरीन विकल्प सामने आए हैं. विशेषज्ञों ने पिछले 3 साल के प्रदर्शन के आधार पर 4 ऐसे फंड्स को चुना है, जिन्होंने लगातार निवेशकों की झोली भरी है.
कैसे किया गया इन फंड्स का चुनाव?
इन फंड्स को सिर्फ मुनाफे के आधार पर नहीं चुना गया, बल्कि इनके चयन के लिए तीन कड़े पैमाने रखे गए थे:
- फंड कम से कम 50 करोड़ रुपये का होना चाहिए.
- पिछले 3 सालों में फंड ने औसतन कितना अच्छा प्रदर्शन किया.
- बाजार जब गिरता है, तब यह फंड अपने आप को कितना सुरक्षित रख पाता है.
फरवरी 2026 के टॉप-4 स्मॉल कैप फंड्स
निप्पॉन इंडिया स्मॉल कैप फंड (Nippon India Small Cap Fund)
यह फंड अपनी कैटेगरी में छाया हुआ है. पिछले तीन वर्षों के दौरान इसने करीब 32.1% का जबरदस्त रिटर्न दिया है. अपनी कैटेगरी में यह हमेशा पहले या दूसरे स्थान पर बना रहता है, जो इसकी जबरदस्त पकड़ को दर्शाता है.
एसबीआई स्मॉल कैप फंड (SBI Small Cap Fund)
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का यह फंड साल 2009 से अपनी धाक जमाए हुए है. पिछले तीन वर्षों में इसने 24.1% का रिटर्न दर्ज किया है. हालांकि रैंकिंग में यह थोड़ा नीचे खिसका है, लेकिन इसकी स्थिरता इसे एक सुरक्षित खिलाड़ी बनाती है.
एक्सिस स्मॉल कैप फंड (Axis Small Cap Fund)
अनुभवी फंड हाउस का साथ चाहने वाले निवेशकों के लिए एक्सिस का यह फंड काफी लोकप्रिय है. साल 2013 में लॉन्च हुए इस फंड ने पिछले 3 साल में 25.2% का रिटर्न दिया है. सुरक्षित और स्थिर निवेश के लिए इसे एक अच्छा विकल्प माना जाता है.
कोटक स्मॉल कैप फंड (Kotak Small Cap Fund)
2005 से बाजार में मौजूद यह फंड निवेशकों का पुराना भरोसेमंद साथी है. इसने बीते तीन सालों में 26.1% का औसत मुनाफा दिया है. हालांकि हाल के कुछ समय में इसकी रैंकिंग ऊपर-नीचे हुई है, लेकिन लंबे समय के निवेश के लिए यह आज भी एक मजबूत विकल्प है.
Also Read: 1 अप्रैल से HRA क्लेम के बदल जाएंगे नियम, अब मकान मालिक के साथ रिश्ता बताना होगा जरूरी
