बिकवाली के दबाव से शेयर बाजार में चौथे दिन गिरावट, सेंसेक्स-निफ्टी टूटे

Stock Market: एशिया के प्रमुख बाजारों में जापान का निक्केई मुनाफे में रहा, लेकिन चीन के शंघाई कंपोजिट, दक्षिण कोरिया के कॉस्पी और हांगकांग के हैंगसेंग में गिरावट आ गई. उधर, अमेरिकी बाजार में गिरावट, जबकि यूरोपीय बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं.

Stock Market: विदेशी पूंजी की लगातार निकासी और बिकवाली बढ़ने की वजह से शेयर बाजार गुरुवार 24 अक्टूबर 2024 लगातार चौथे दिन गिरावट के साथ बंद हुआ. कारोबार के आखिर में बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 16.82 अंक की गिरावट के साथ 80,065.16 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 36.10 अंक फिसलकर 24,399.40 अंक पर बंद हुए. बुधवार को सेंसेक्स 138.74 अंक टूटकर 80,081.98 अंक और निफ्टी 36.60 अंक या 0.15% गिरकर 24,435.50 पर बंद हुए थे.

हिंडाल्को और हिंदुस्तान यूनिलीवर को अधिक नुकसान

कारोबार के आखिर में बीएसई सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से 11 शेयर गिर गए. इनमें हिंदुस्तान यूनिलीवर का शेयर सबसे अधिक करीब 5.83% तक टूटकर 2502.95 रुपये पर बंद हुआ. इसे अलावा, नेस्ले इंडिया, मारुति सुजुकी इंडिया, एशियन पेंट्स, आईटीसी, टीसीएस, इन्फोसिस, लार्सन एंड ट्रुबो, कोटक महिंद्रा बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टेक महिंद्रा के शेयर भी नुकसान में रहे. वहीं, एनएसई में हिंडाल्को को सबसे अधिक नुकसान हुआ. इसका शेयर करीब 4.21% गिरकर 686.90 रुपये पर बंद हुआ. एनएसई की 1942 कंपनियों में से 582 शेयर टूटे, 1231 शेयर मजबूत हुए और 129 शेयरों में किसी प्रकार का बदलाव नहीं हुआ.

लाभ में रहे बजाज फिनसर्व और अल्ट्राटेक

वहीं, गिरावट के इस दौर में बीएसई सेंसेक्स में 19 शेयर लाभ में भी रहे. इनमें सबसे अधिक लाभ अल्ट्राटेक सीमेंट को हुआ. इसका शेयर 2.77% बढ़कर 11050 रुपये पर बंद हुआ. इसके अलावा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाइटन, भारतीय स्टेट बैंक, अदाणी पोर्ट्स, नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन, एचडीएफसी बैंक, सनफार्मा, पावरग्रिड, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस और इंडसइंड बैंक आदि को भी मुनाफा हुआ. एनएसई में बजाज फिनसर्व सबसे अधिक लाभ में रहा. इसका शेयर 1.04% मजबूत होकर 1757.80 रुपये पर बंद हुआ. इसके अलावा, सिप्ला, एचडीएफसी बैंक, श्रीराम फाइनेंस और हीरो मोटोकॉर्प के शेयर भी लाभ में रहे.

इसे भी पढ़ें: शेयर बाजार में सरकार राज, 4 सरकारी कंपनियों का जल्द आएगा आईपीओ

एशियाई बाजारों में नरम रुख

एशिया के प्रमुख बाजारों में जापान का निक्केई मुनाफे में रहा, लेकिन चीन के शंघाई कंपोजिट, दक्षिण कोरिया के कॉस्पी और हांगकांग के हैंगसेंग में गिरावट आ गई. उधर, अमेरिकी बाजार में गिरावट, जबकि यूरोपीय बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं. वैश्विक तेल बाजार में ब्रेंट क्रूड 1.54% मजबूत होकर 76.12 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है.

इसे भी पढ़ें: म्यूचुअल फंड के महाखिलाड़ियों को लगने वाला है झटका, 1 नवंबर से बदल जाएगा ये नियम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >