Share Market: मोदी मैजिक! दलाल स्ट्रीट में आयी तूफानी तेजी, शेयर बाजार में सेंसेक्स-निफ्टी ने बनाए नए रिकॉर्ड

Share Market Closing Bell: सोमवार को लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 1,384 अंकों की जबर्दस्त छलांग लगाते हुए रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ. इस तेजी के बीच एनएसई निफ्टी भी अब तक के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया.

Share Market Closing Bell: तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत से उत्साहित घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 1,384 अंकों की जबर्दस्त छलांग लगाते हुए रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ. इस तेजी के बीच एनएसई निफ्टी भी अब तक के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया. विश्लेषकों के मुताबिक, भाजपा को मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में मिले स्पष्ट बहुमत से पिछले सप्ताह जीडीपी और अन्य महत्वपूर्ण आर्थिक आंकड़ों के बेहतर रहने से बनी सकारात्मक धारणा और मजबूत हुई है. इसके अलावा कच्चे तेल का दाम 80 डॉलर प्रति बैरल के नीचे रहने से भी निवेशक धारणा को बल मिला. तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,383.93 अंक यानी 2.05 प्रतिशत उछलकर अबतक के उच्चतम स्तर 68,865.12 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान यह रिकॉर्ड 68,918.22 अंक तक चला गया था. सेंसेक्स में 20 मई, 2022 के बाद एक दिन में आई यह सबसे बड़ी तेजी है.

निफ्टी में आयी 2.07 प्रतिशत की तेजी

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी भी 418.90 अंक यानी 2.07 अंक की बढ़त के साथ अबतक के उच्चतम स्तर 20,686.80 अंक पर बंद हुआ. निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 44 लाभ में रहे. सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में आईसीआईसीआई बैंक और एसबीआई में सबसे ज्यादा क्रमश: 4.68 प्रतिशत और 3.99 प्रतिशत की तेजी रही. लाभ में रहने वाले अन्य प्रमुख शेयरों में लार्सन एंड टुब्रो, कोटक महिंद्रा बैंक और एचडीएफसी बैंक शामिल हैं. दूसरी तरफ, विप्रो और टाटा मोटर्स नुकसान में रहे. बाजार में चौतरफा तेजी के इस दौर में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार मूल्यांकन 5.81 लाख करोड़ रुपये उछलकर 343.48 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया. जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि तीन राज्यों में भाजपा की शानदार जीत से दोनों मानक सूचकांक रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुए. बाजार में तेजी का कारण यह संकेत भी है कि अगले साल होने वाले आम चुनावों में देश में एक स्थिर सरकार बनेगी. उन्होंने कहा कि एफआईआई (विदेशी संस्थागत निवेशकों) के निवेश जारी रहने की उम्मीद में सभी क्षेत्रों में तेजी रही. दुनिया के अन्य देशों में महंगाई को लेकर सकारात्मक बयान और स्थिर घरेलू वृहत आर्थिक आंकड़ों से भी बाजार को समर्थन मिला.

Also Read: Share Market: मोदी मैजिक का असर! निवेशकों ने कुछ घंटों में कमाया चार हजार करोड़,रिकॉर्ड हाई पर निफ्टी-सेंसेक्स

मिडकैप और स्मॉलकैप में आयी तेजी

अधिक शेयरों का प्रतिनिधित्व करने वाला बीएसई मिडकैप सूचकांक ने 1.19 प्रतिशत की तेजी दर्ज की जबकि स्मालकैप सूचकांक 1.20 प्रतिशत चढ़ गया. इस दौरान सभी उद्योग खंडों में तेजी रही जिसमें तेल एवं गैस क्षेत्र 3.77 प्रतिशत वृद्धि के साथ सबसे आगे रहा. एलकेपी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ तकनीकी विश्लेषक रूपक डे ने कहा कि चुनावी नतीजों के साथ निफ्टी में निकट भविष्य में अधिक उछाल आने की उम्मीद में लिवाली का जोर देखा गया. निफ्टी के 20,400 के स्तर से नीचे नहीं आने तक तेजड़िये हावी रह सकते हैं. एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक नुकसान में रहे. यूरोप के प्रमुख बाजारों में जर्मनी और फ्रांस में जहां तेजी रही वहीं लंदन बाजार में गिरावट रही. अमेरिकी बाजार में शुक्रवार को मिला-जुला रुख रहा. इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.65 प्रतिशत की गिरावट के साथ 78.37 डॉलर प्रति बैरल रहा. शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 1,589.61 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे.

रुपया तीन पैसे की गिरावट के साथ 83.36 प्रति डॉलर पर

रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले तीन पैसे की गिरावट के साथ 83.36 (अस्थायी) पर बंद हुआ. विदेशी बाजारों में अमेरिकी मुद्रा के सुधार से रुपया की धारणा प्रभावित हुई. विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि दिन की शुरुआत में रुपये में तेजी रही थी. विदेशी संस्थागत निवेशकों के सतत पूंजी प्रवाह से भी भारतीय मुद्रा को समर्थन मिला. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 83.28 पर खुला. फिर 83.37 के निचले स्तर पर पहुंचने के बाद अंत में 83.36 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ. यह पिछले बंद भाव से तीन पैसे की गिरावट है. रुपया शुक्रवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 83.33 पर बंद हुआ था. इस बीच दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 103.32 पर रहा. वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.51 प्रतिशत की गिरावट के साथ 78.48 डॉलर प्रति बैरल पर रहा. शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 1,589.61 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे.

(भाषा इनपुट)

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >