शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स-निफ्टी ने किया सूर्य नमस्कार और अंत में शीर्षासन

Stock Market: शेयरों में बिकवाली होने से लगातार छह सत्रों से जारी तेजी का सिलसिला शुक्रवार को थम गया. कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स 676.93 अंक गिरकर 76,802 पर भी आ गया था.

Stock Market: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के दिन 21 जून 2024 को घरेलू शेयर बाजार सुबह के कारोबार में मजबूती के साथ सूर्य नमस्कार करता नजर आया. कारोबार के दौरान वह मजबूती को बरकरार नहीं रख पाया और कारोबार के आखिर में बाजार बंद होने के समय सेंसेक्स-निफ्टी तेज गिरावट के साथ शीर्षासन करते नजर आए. कारोबारी सप्ताह के आखिरी सत्र में बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 269.03 अंक गिरकर 77,209.90 अंक के स्तर पर पहुंच गया. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 65.90 अंक कमजोर होकर 23,501.10 पर बंद हुआ. हालांकि, सेंसेक्स ने 329.52 अंक की बढ़त के साथ 77,808.45 अंक के रिकॉर्ड स्तर से अपने कामकाज की शुरुआत की थी, जबकि निफ्टी भी 100.1 अंक बढ़कर 23,667.10 अंक के नए शिखर पर पहुंच गया.

नुकसान में रहे ये शेयर

कारोबार के आखिर में जिन कंपनियों के शेयरों में नरमी का रुख रहा, उनमें टाटा केमिकल्स, रैमको सीमेंट, मैरिको, चोला इन्वेस्टमेंट, हिंदुस्तान पेट्रोलियम, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया लिमिटेड, अल्ट्राटेक सीमेंट्स, अदाणी एंटरप्राइजेज, डालमिया भारत, डीएलएफ, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, सिटी यूनियन बैंक, डाबर इंडिया, भारत पेट्रोलियम और गेल शामिल हैं. वहीं, जिन कंपनियों के शेयर लाभ में रहे, उनमें हैवेल्स इंडिया, वोडाफोन आइडिया, भारती एयरटेल, जिंदल स्टील, इंटरग्लोब एविएशन, नाल्को, हिंडाल्को, इन्फोसिस और अदाणी पोर्ट्स शामिल हैं.

वैश्विक बाजारों का हाल

वैश्विक बाजारों की बात की जाए, तो एशियाई बाजार में दक्षिण कोरिया के कॉस्पी, जापान के निक्की, चीन के शंघाई कंपोजिट और हांगकांग के हैंगसेंग में गिरावट दर्ज की गई. यूरोप के बाजार दोपहर के सत्र में गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे. अमेरिकी बाजार गुरुवार को मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए थे. शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 415.30 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की. वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.16 प्रतिशत गिरकर 85.57 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया.

और पढ़ें: बैंक ऑफ इंग्लैंड ने ब्याज दर को 5.25 फीसदी पर कायम रखा

बढ़त के बाद क्यों गिरा बाजार

वैश्विक बाजारों में नरमी के रुख के बीच स्थानीय बाजार में तेल एवं गैस, पूंजीगत उत्पाद और दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों (एफएमसीजी) के शेयरों में बिकवाली होने से लगातार छह सत्रों से जारी तेजी का सिलसिला शुक्रवार को थम गया. कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स 676.93 अंक गिरकर 76,802 पर भी आ गया था.

और पढ़ें: एलआईसी से भी बड़ा आईपीओ लाने जा रही है Hyundai, सेबी में दस्तावेज दाखिल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >