Reliance करेगी 50 अरब डॉलर का निवेश, आमदनी हो सकती है दोगुनी

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने आने वाले कुछ महीनों में कुल 50 अरब डॉलर्स रुपये निवेश करने करने की बात कही है. कंपनी अगले तीन सालों के अंदर देश में 5G सर्विसेज, रसायन और खुदरा व्यापार को मजबूत करने के लिए इन पैसों को निवेश करने वाली है.

Reliance 4th Investment Cycle: रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) को अपने चौथे निवेश चक्र के तहत अगले तीन वर्षों में 50 अरब डॉलर खर्च करने से अपनी आमदनी को दोगुना करने में मदद मिल सकती है. एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है. मॉर्गन स्टेनली (Morgan Stanley) ने एक रिपोर्ट में कहा कि रिलायंस के इस सदी के चौथे निवेश चक्र में उसका लाभ 2027 तक दोगुना होने की संभावना है. हालांकि, कंपनी के पिछले निवेश चक्रों से यह कई मायनों में अलग होगा और इसमें ऊर्जा संबंधी गतिरोध भी आ सकते हैं.

रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अगले तीन वर्षों में अपने रसायन, 5G सेवा, खुदरा कारोबार और नवीन ऊर्जा कारोबार पर यह राशि खर्च करने की योजना बनाई है. 90 के दशक के अंत और नई सदी के शुरुआती वर्षों में रिलायंस ने अपने पहले निवेश चक्र में पेट्रोरसायन कारोबार पर खास ध्यान दिया था. इसके चार साल बाद शुरू हुए दूसरे निवेश चक्र में तेलशोधन और तेल एवं गैस क्षेत्रों के विकास पर जोर रहा. तीसरा निवेश चक्र पूरी तरह से दूरसंचार सेवा पर केंद्रित था.

मॉर्गन स्टेनली की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले निवेश चक्रों ने शेयरधारक मूल्य सृजन में 60-70 अरब डॉलर का योगदान दिया है क्योंकि इस दौरान कंपनी ने अपने आय स्वरूप को अगले दशक के लिए नया आकार देने के लिए आक्रामक कदम उठाए हैं. रिपोर्ट कहती है कि रिलायंस अगले निवेश चक्र के लिए बेहतर स्थिति में है जिसमें तीन वर्षों के भीतर 50 अरब डॉलर और वर्ष 2027 तक 75 अरब डॉलर खर्च करने का प्रावधान होगा.

इस भारी निवेश का एक-तिहाई हिस्सा ऊर्जा एवं नवीन ऊर्जा कारोबार के पास जाएगा जबकि दूरसंचार और खुदरा कारोबार को बाकी राशि मिलेगी. हालांकि, खुदरा, दूरसंचार और नवीन ऊर्जा में निवेश पर अगले दो साल के भीतर अधिक जोर रहने की संभावना है. दूरसंचार में 5G नेटवर्क खड़ा करने पर निवेश किया जाएगा. जबकि, नवीन ऊर्जा कारोबार में निवेश मुख्य रूप से सौर पैनल पर होगा. खुदरा कारोबार में कंपनी का मजबूत लॉजिस्टिक नेटवर्क तैयार करने के अलावा ई-कॉमर्स गतिविधियां बढ़ाने पर जोर रहने की संभावना है. (भाषा)

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >