PM Kisan Samman Nidhi Yojna : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 20 जून (आगामी शनिवार) को देश के करोड़ों अन्नदाताओं के खातों में 2-2 हजार रुपये की सम्मान राशि भेजी जानी तय हुई है.
सरकार की इस घोषणा से जहां किसानों में खुशी की लहर है, वहीं एक जरूरी चेतावनी भी सामने आई है. अगर आप चाहते हैं कि सरकार द्वारा भेजी जाने वाली यह राशि बिना किसी रुकावट के सीधे आपके बैंक खाते में क्रेडिट हो जाए, तो आपको कुछ सामान्य लेकिन गंभीर गलतियों से बचना होगा. नियमों में की गई सख्ती के कारण छोटी सी लापरवाही भी आपकी किस्त को रोक सकती है.
इन 5 गलतियों के कारण रुक सकती है आपकी 23वीं किस्त
अगर आपकी प्रोफाइल में नीचे दी गई पांच खामियों में से एक भी मौजूद है, तो आपका पेमेंट ऑटोमेटिक होल्ड पर चला जाएगा.
- e-KYC पेंडिंग होना : सरकार ने सभी सक्रिय लाभार्थियों के लिए ई-केवाईसी (e-KYC) करवाना अनिवार्य कर दिया है. अगर आपने अब तक अपने अकाउंट का वेरिफिकेशन पूरा नहीं किया है, तो आपको इस बार पैसा नहीं मिलेगा.
- आधार कार्ड का बैंक खाते से लिंक न होना : सिर्फ बैंक में खाता होना या आधार कार्ड का पास होना काफी नहीं है. सरकार ‘डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर’ (DBT) के जरिए पैसा ट्रांसफर करती है. इसके लिए आपका आधार नंबर बैंक खाते के साथ ‘सीड’ (NPCI मैपिंग) होना अनिवार्य है.
- जमीन का वेरिफिकेशन (Land Seeding) अधूरा होना: पीएम-किसान योजना का लाभ केवल वास्तविक जमीन मालिकों को देने के लिए लैंड सीडिंग जरूरी है. अगर आपके सरकारी राजस्व रिकॉर्ड (खसरा या खतौनी नंबर) में कोई विसंगति है, तो पैसा अटक जाएगा.
- आवेदन फॉर्म में गलत विवरण भरना : रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरते समय नाम की स्पेलिंग, बैंक अकाउंट नंबर या आईएफएससी (IFSC) कोड में की गई टाइपिंग की गलती भारी पड़ सकती है. ध्यान रहे कि आपके आधार कार्ड और बैंक पासबुक में दर्ज नाम बिल्कुल एक जैसा होना चाहिए.
- पात्रता के कड़े नियमों का उल्लंघन: यदि परिवार का कोई सदस्य इनकम टैक्स भरता है या आपने 1 फरवरी 2019 के बाद किसी अन्य से जमीन खरीदी है, तो आप इस योजना की शर्तों के मुताबिक अपात्र घोषित किए जा सकती हैं.
तुरंत अपनाएं ये 4 जरूरी टिप्स
अगर आपको डर है कि आपका पैसा रुक सकता है, तो 20 जून से पहले नीचे दिए गए सुधारात्मक कदम उठाएं.
- घर बैठे चेक करें स्टेटस : तुरंत पीएम-किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और ‘Know Your Status’ विकल्प पर क्लिक करके देखें कि आपकी लैंड सीडिंग, ई-केवाईसी और आधार बैंक अकाउंट लिंकिंग का स्टेटस क्या दिखा रहा है.
- चैटबॉट से करें e-KYC : यदि ई-केवाईसी अधूरी है, तो पीएम-किसान पोर्टल पर जाकर या सरकार के आधिकारिक ‘किसान ई-मित्रा’ चैटबॉट की मदद से मोबाइल ओटीपी (OTP) के जरिए इसे कुछ मिनटों में पूरा करें.
- तुरंत बैंक शाखा में जाएं : यदि आपका खाता आधार से नहीं जुड़ा है, तो अपनी होम ब्रांच में आधार कार्ड और पासबुक लेकर जाएं और वहां के अधिकारियों से एनपीसीआई (NPCI) मैपिंग या आधार लिंकिंग फॉर्म भरने का अनुरोध करें.
- कृषि विभाग से करें संपर्क : अगर लैंड सीडिंग (जमीन के रिकॉर्ड) के आगे ‘No’ लिखा आ रहा है, तो अपने नजदीकी ब्लॉक या जिले के कृषि विभाग के कार्यालय में जाकर अपने खतौनी के दस्तावेज और आधार जमा करवाएं.
Also Read : क्या आपके पास भी है पैन कार्ड? भूलकर भी न करें ये गलतियां, आयकर विभाग की है आपके खर्चों पर पैनी नजर
