PhysicsWallah Income Tax Notice: मशहूर एडटेक कंपनी PhysicsWallah (PW) इन दिनों चर्चा में है, लेकिन इस बार वजह अपनी नेटवर्थ या आईपीओ से नहीं, बल्कि इनकम टैक्स विभाग के एक नोटिस के वजह से है. विभाग ने कंपनी से 263.34 करोड़ रुपये की टैक्स डिमांड की है. आइए समझते हैं कि ये पूरा माजरा क्या है.
इनकम टैक्स विभाग ने नोटिस क्यों भेजा?
यह पूरा विवाद कंपनी को मिले निवेश (Investment) को लेकर है. दरअसल, साल 2023-24 के असेसमेंट के दौरान इनकम टैक्स विभाग ने निवेशकों से मिले फंड को ‘टैक्सेबल इनकम’ यानी कर योग्य आय मान लिया है. इसमें SEBI-रजिस्टर्ड कैटेगरी II अल्टरनेटिव इन्वेस्टमेंट फंड्स (AIF) से आया पैसा भी शामिल है. विभाग का मानना है कि इस रकम पर टैक्स बनता है, जबकि आमतौर पर निवेश को कमाई नहीं माना जाता.
PhysicsWallah का अगला कदम क्या होगा?
कंपनी ने साफ कर दिया है कि वह इस नोटिस को चुनौती देगी. एक रेगुलेटरी फाइलिंग में PhysicsWallah ने कहा कि उनके पास इस असेसमेंट ऑर्डर के खिलाफ अपील करने के लिए मजबूत कानूनी और तथ्यात्मक आधार हैं. कंपनी को भरोसा है कि वे अपील अथॉरिटी के सामने अपनी बात सही साबित कर पाएंगे.
मुनाफे और शेयर बाजार पर क्या असर पड़ा?
टैक्स की खबरों के बीच कंपनी का बिजनेस बढ़िया प्रदर्शन कर रहा है. दिसंबर तिमाही में कंपनी का मुनाफा 33% बढ़कर 102.27 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है. वहीं, कंपनी का रेवेन्यू भी 33% की बढ़त के साथ 1,082.41 करोड़ रुपये रहा. दिलचस्प बात यह है कि इस नोटिस की खबर आने से पहले BSE पर कंपनी के शेयर 7.87% की बढ़त के साथ 86.81 रुपये पर बंद हुए.
फिलहाल कंपनी और सरकार के बीच यह एक कानूनी जंग है. जहां विभाग इसे टैक्स के दायरे में देख रहा है, वहीं कंपनी इसे नियमों के मुताबिक निवेश बता रही है. आने वाले दिनों में कोर्ट या अपीलीय अथॉरिटी का फैसला ही तय करेगा कि PhysicsWallah को यह रकम चुकानी होगी या नहीं.
ये भी पढ़ें: 8th Pay Commission पर रेलवे बॉडी की बड़ी मांग, अलाउंस-पेंशन शामिल करने की अपील
