One Nation, One Student ID: भारत के छात्रों के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी है. शिक्षा मंत्रालय के तहत NCERT ने घोषणा की है कि अब APAAR ID (Automated Permanent Academic Account Registry) को वेरिफाई करने वाले छात्रों को एयर इंडिया की घरेलू उड़ानों पर शानदार छूट मिलेगी. यह घोषणा 28 नवंबर को ऑफिशियली ट्वीट के जरिए साझा की गई है. APAAR ID को “One Nation, One Student ID” के नाम से भी जाना जाता है. यह एक ऐसा डिजिटल पहचान-पत्र है जो हर छात्र के साथ जिंदगी भर जुड़ा रहने वाला है. स्कूल बदलने, कॉलेज बदलने या शहर बदलने पर भी यही एक आईडी आपकी सारी अकादमिक जानकारी अपने साथ रखेगी.
फ्लाइट में फायदा कैसे मिलेगा?
अगर छात्र अपनी APAAR ID को वेरिफाई कर लें, तो वे एयर इंडिया की घरेलू फ्लाइट्स पर 10% सीधी छूट पा सकते हैं. इसके साथ ही 10 किलो अतिरिक्त सामान ले जाने की सुविधा भी मिलेगी. इतना ही नहीं, टिकट की तारीख एक बार बदलने की सुविधा भी बिल्कुल फ्री दी जाएगी. यानी अब शिक्षा के लिए ट्रैवल हो, प्रतियोगी परीक्षा हो या किसी नए शहर का अनुभव, यात्रा और भी आरामदायक और किफायती होगी.
स्टूडेंट्स के लिए क्यों है ये खास?
अक्सर छात्रों के लिए सफर की लागत एक बड़ी समस्या बन जाती है. किराया, सामान का भार और टिकट कई बार बजट बिगाड़ देती है. लेकिन APAAR ID की मदद से अब फ्लाइट ट्रैवल कोई बोझ नहीं रहने वाला है. देश के कोने-कोने में पढ़ाई करने वाले युवा अब कम खर्च में ज्यादा अवसरों तक पहुंच पाएंगे.
कैसे करें वेरिफिकेशन?
सिर्फ APAAR ID को ऑनलाइन वेरिफाई करना है. इसके बाद बुकिंग के समय छात्र आसानी से इन लाभों का फायदा उठा सकते है. जानकारी के लिए NCERT या आधिकारिक APAAR पोर्टल पर विजिट किया जा सकता है.
Also Read: 1 दिसंबर से बदल जाएगा तत्काल टिकट का नियम, अब ओटीपी सत्यापन के बाद ही होगी बुकिंग
