NPS में आपका पैसा कहां बढ़ता ज्यादा? PFRDA ने लॉन्च किया नया टूल, ऐसे करें तुलना

NPS PRIDE-DISHA: अगर आप हर महीने NPS में इन्वेस्ट करते हैं, तो आपके मन में यह सवाल जरूर आता होगा कि अलग-अलग पेंशन फंड में पैसा लगाने पर रिटायरमेंट तक कितना कॉर्पस बन सकता है. अब इस सवाल का जवाब ढूंढना आसान हो गया है.

NPS PRIDE-DISHA: Pension Fund Regulatory and Development Authority (PFRDA) ने NPS PRIDE-DISHA नाम का एक नया डिजिटल टूल लॉन्च किया है. इसकी मदद से NPS सब्सक्राइबर अलग-अलग पेंशन फंड और स्कीम के पुराने प्रदर्शन की तुलना कर सकते हैं. साथ ही यह भी देख सकते हैं कि नियमित मासिक निवेश से अलग-अलग ऑप्शंस में उनका पैसा ऐतिहासिक तौर पर कैसे बढ़ता.

आखिर इस नए टूल की जरूरत क्यों पड़ी?

अब तक NPS में रिटर्न की तुलना आमतौर पर 1, 3, 5 या 10 साल के Point-to-Point Returns के आधार पर की जाती थी. इसमें Equity (E), Corporate Bonds (C) और Government Securities (G) जैसी स्कीम के प्रदर्शन को देखा जाता है. लेकिन एक आम NPS इन्वेस्टर हर महीने एक बार में पैसा नहीं लगाता. वह लंबे समय तक नियमित योगदान करता है. ऐसे में केवल किसी एक तारीख से दूसरी तारीख तक का रिटर्न उसके वास्तविक निवेश अनुभव को पूरी तरह नहीं दिखा पाता. इसी वजह से PFRDA ने NPS PRIDE-DISHA लॉन्च किया है. यह टूल रोजाना के Net Asset Value (NAV) डेटा का इस्तेमाल करता है और XIRR के जरिए रिटर्न की गणना करता है. यानी अलग-अलग तारीखों पर किए गए नियमित निवेश को ध्यान में रखकर ज्यादा वास्तविक तुलना की जा सकती है.

NPS PRIDE-DISHA में क्या-क्या देख पाएंगे?

इस टूल की मदद से सब्सक्राइबर अलग-अलग पेंशन फंड और निवेश ऑप्शंस की तुलना कर सकते हैं.

इसमें मिलेंगी ये सुविधाएं:

  • XIRR आधारित रिटर्न: निवेश की वास्तविक तारीखों और कैश फ्लो के आधार पर सालाना रिटर्न की गणना.
  • अलग-अलग फंड की तुलना: सभी योग्य पेंशन फंड के प्रदर्शन को एक साथ देखा जा सकता है.
  • अंतिम कॉर्पस की जानकारी: निवेश और ऐतिहासिक NAV ग्रोथ के आधार पर जमा होने वाली रकम दिखाई जाती है.
  • आसान विजुअल तुलना: बार चार्ट के जरिए कॉर्पस और रिटर्न को समझना आसान होगा.
  • स्कीम की तुलना: Active Choice, Auto Choice और Composite Scheme जैसे विकल्पों को देखा जा सकता है.

कितना पुराना डेटा है और कैसे इस्तेमाल करें?

PFRDA के अनुसार, इस टूल में 2008 से उपलब्ध स्कीम-वाइज NAV डेटा का इस्तेमाल किया गया है. इसमें करीब 5,000 दिनों का दैनिक NAV डेटा, 1.10 लाख से ज्यादा NAV डेटा पॉइंट्स और लगभग 4,800 निवेश संयोजनों (Investment combinations) के आधार पर तुलना की जा सकती है.

टूल इस्तेमाल करने के लिए आपको ये जानकारी भरनी होगी:

जानकारीक्या दर्ज करना होगा
जन्म विवरणजन्म का महीना और साल
निवेश की जानकारीनिवेश शुरू करने की तारीख
मासिक निवेशहर महीने जमा की जाने वाली रकम

इसके बाद आप अधिकतम दो स्कीम चुनकर तुलना कर सकते हैं. इसमें Active Choice, Auto Choice और Life Cycle जैसे NPS निवेश विकल्पों को देखकर यह समझा जा सकता है कि ऐतिहासिक प्रदर्शन के आधार पर अलग-अलग पेंशन फंड में नियमित निवेश से रिटायरमेंट कॉर्पस कैसे बढ़ता.

कहां मिलेगा NPS PRIDE-DISHA? 

सब्सक्राइबर PFRDA की वेबसाइट के PRIDE पोर्टल पर जाकर इस टूल का इस्तेमाल कर सकते हैं: https://pfrda.org.in/pride-calculator

हालांकि, यह टूल पुराने प्रदर्शन के आधार पर तुलना करता है. इसका मतलब यह नहीं है कि भविष्य में भी रिटर्न बिल्कुल वैसा ही मिलेगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Soumya Shahdeo

सौम्या शाहदेव ने बैचलर ऑफ़ आर्ट्स इन इंग्लिश लिटरेचर में ग्रेजुएशन किया है और वह इस समय प्रभात खबर डिजिटल के बिजनेस सेक्शन में कॉन्टेंट राइटर के रूप में काम कर रही हैं. वह ज़्यादातर पर्सनल फाइनेंस से जुड़ी खबरें लिखती हैं, जैसे बचत, निवेश, बैंकिंग, लोन और आम लोगों से जुड़े पैसे के फैसलों के बारे में. इसके अलावा, वह बुक रिव्यू भी करती हैं और नई किताबों व लेखकों को पढ़ना-समझना पसंद करती हैं. खाली समय में उन्हें नोवेल्स पढ़ना और ऐसी कहानियाँ पसंद हैं जो लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >