मारुति को पहली तिमाही के दौरान प्रोडक्शन में नुकसान का अनुमान, जुलाई से सुधर सकती है स्थिति

मारुति सुजुकी इंडिया के सीनियर कार्यकारी अधिकारी शशांक श्रीवास्तव ने कहा- हमें पिछले वित्त वर्ष में 1.7 लाख यूनिट्स के प्रोडक्शन का नुकसान हुआ है. पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में हमारा नुकसान लगभग 45,000 यूनिट्स का था. इसी तरह चौथी तिमाही में लगभग 38,000 यूनिट्स का नुकसान हुआ.

Maruti Suzuki: देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (MSI) को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में प्रोडक्शन में नुकसान की आशंका जताई है. हालांकि, कंपनी के एक सीनियर अधिकारी का कहना है कि जुलाई-सितंबर की तिमाही से स्थिति सुधरने की उम्मीद है. कंपनी अब भी इलेक्ट्रॉनिक स्पेयर पार्ट्स की कमी से जूझ रही है, जिसके चलते पहली तिमाही में उसको प्रोडक्शन में नुकसान की आशंका है. देश की सबसे बड़ी कार कंपनी काफी समय से चिप के संकट का सामना कर रही है जिससे उसके आपूर्तिकर्ता बाजार मांग को पूरा नहीं कर पा रहे हैं.

सबसे ज्यादा 1 लाख ऑर्डर Ertiga के पेंडिंग

मारुति सुजुकी इंडिया के सीनियर कार्यकारी अधिकारी (सेल्स एंड मार्केटिंग) शशांक श्रीवास्तव ने कहा- हमें पिछले वित्त वर्ष में 1.7 लाख यूनिट्स के प्रोडक्शन का नुकसान हुआ है. पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में हमारा नुकसान लगभग 45,000 यूनिट्स का था. इसी तरह चौथी तिमाही में लगभग 38,000 यूनिट्स का नुकसान हुआ. मांग अधिक और आपूर्ति कम रहने की वजह से कंपनी के पेंडिंग ऑर्डर 4 लाख यूनिट्स को पार कर गए हैं. सबसे ज्यादा 1 लाख ऑर्डर Ertiga के पेंडिंग हैं.

आने वाले महीनों में चिप आपूर्ति की स्थिति में होगा सुधार

शशांक श्रीवास्तव ने कहा कि मौजूदा आपूर्ति की स्थिति के साथ कंपनी को अप्रैल में उत्पादन का नुकसान हुआ है. कुछ यही स्थिति मई और जून में भी जारी रहने की आशंका है. उन्होंने कहा- मई में नुकसान हुआ है और जून में ऐसा ही रहेगा. इस तिमाही में हमें प्रोडक्शन का नुकसान होगा. Ertiga के अलावा कॉम्पैक्ट एसयूवी Brezza के 60,000 यूनिट्स के ऑर्डर पेंडिंग हैं. Jimny और Fronx के 30,000-30,000 यूनिट्स के ऑर्डर पेंडिंग हैं. श्रीवास्तव ने उम्मीद जताई कि आने वाले महीनों में चिप आपूर्ति की स्थिति में कुछ सुधार होगा. उन्होंने कहा, इसलिए संभवत: जुलाई के बाद से हम स्थिति में कुछ सुधार देखेंगे.

अप्रैल में कंपनी ने 1,44,097 वाहनों का किया प्रोडक्शन

अप्रैल में कंपनी ने 1,44,097 यात्री वाहनों का प्रोडक्शन किया, जो पिछले साल इसी महीने के 1,52,954 यूनिट्स के प्रोडक्शन से 6 प्रतिशत कम है. बीते वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी ने रिकॉर्ड 19.22 लाख यूनिट्स का प्रोडक्शन किया. हालांकि, कंपनी अपने प्रोडक्शन को 20 लाख यूनिट्स के पार ले जाने के लक्ष्य से चूक गई. सेमीकंडक्टर सिलिकन चिप हैं, जिनका इस्तेमाल वाहन, कंप्यूटर, सेलफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स में कंट्रोल और मेमोरी के काम के लिए होता है. हाल के समय में वाहन उद्योग में सेमीकंडक्टर का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >