LPG Price Today : 1 जुलाई 2026 को एलपीजी सिलेंडर के दामों में राहत मिली है. इस बार आम लोगों के लिए घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है और दिल्ली में 14.2 किलो वाला घरेलू सिलेंडर पहले की तरह ₹942 का ही मिलेगा. हालांकि कारोबारियों के लिए अच्छी खबर है, क्योंकि 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 183.50 रुपये घटाकर ₹2,930 कर दी गई है. पहले इसकी कीमत ₹3,113.50 थी. यानी इस साल पहली बार कमर्शियल गैस सिलेंडर सस्ता हुआ है, जबकि घरेलू सिलेंडर के दाम फिलहाल जस के तस बने हुए हैं.
पटना में LPG के नए रेट्स क्या हैं?
नए दामों की बात करें तो, लखनऊ में 14.2 किलो वाला घरेलू गैस सिलेंडर ₹979.50 का मिलेगा, जबकि 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर ₹3,236 से घटकर ₹3,052.50 हो गया है. कोलकाता में घरेलू सिलेंडर की कीमत ₹968 पर बरकरार है, लेकिन कमर्शियल सिलेंडर ₹3,255.50 से घटकर ₹3,081.50 हो गया है. वहीं पटना में घरेलू सिलेंडर ₹1,031.50 और कमर्शियल सिलेंडर ₹3,227 का है.
साल 2026 में पहली बार एलपीजी सिलेंडर के दाम घटे
1 दिसंबर 2025 को 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1,580.50 रुपये थी, जो जनवरी 2026 में बढ़ गई और नई कीमत 1,691.50 रुपये हो गई. फरवरी में इस सिलेंडर की कीमत 1,740.50 रुपये हो गई. इसके बाद 1 मार्च को जारी नई दरों में 28 रुपये की बढ़ोतरी के साथ इसकी कीमत 1,768.50 रुपये पहुंच गई. वहीं, 7 मार्च को फिर से 114.50 रुपये का इजाफा किया गया, जिससे सिलेंडर 1,883 रुपये का हो गया.
यह भी पढ़ें : महंगी हुई रसोई गैस: घरेलू LPG सिलेंडर 29 रुपये महंगा, दिल्ली में कीमत 942 रुपये
लगातार बढ़ोतरी के इस दौर में 1 अप्रैल 2026 को कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 2,078.50 रुपये तक पहुंच गई. मई 2026 में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में रिकॉर्ड 993 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि, जून की शुरुआत में भी कारोबारियों को कोई राहत नहीं मिली. 1 जून को सिलेंडर के दाम में 42 रुपये और बढ़ा दिए गए.
