Indian Stock Market 14 May 2026: ग्लोबल मार्केट से मिले सकारात्मक संकेतों और खासकर अमेरिका में AI से जुड़े शेयरों में आई तेजी की बदौलत सेंसेक्स और निफ्टी बढ़त के साथ खुले. सेंसेक्स करीब 417 अंक उछलकर 75,000 के स्तर को पार कर गया, वहीं निफ्टी ने भी 23,500 के ऊपर अपनी जगह बनाई. रिलायंस, ICICI बैंक और भारती एयरटेल जैसे बड़े शेयरों में खरीदारी ने बाजार को मजबूती दी.
मार्केट में तेजी के पीछे असली वजह क्या है?
बाजार की इस तेजी का सबसे बड़ा श्रेय ग्लोबल ‘AI मोमेंटम’ को जाता है. अमेरिका में सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त उछाल देखा गया, जिसका असर भारतीय बाजारों पर भी पड़ा. इसके अलावा, पिछले सेशन में आई गिरावट के बाद आज इन्वेस्टर्स ने चुनिंदा सेक्टरों में खरीदारी की. घरेलू इन्वेस्टर्स (DII) की सक्रियता ने भी बाजार को सहारा दिया है, क्योंकि विदेशी पोर्टफोलियो इन्वेस्टर्स (FPI) की तरफ से अभी भी लगातार बिकवाली जारी है.
कौन से सेक्टर रहे आगे और कहां दिखा दबाव?
आज के कारोबार में फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर सबसे आगे रहे. सिप्ला के शेयर में 5% से ज्यादा की बढ़त देखी गई. इसके साथ ही मेटल और सरकारी बैंकों (PSU Banks) के शेयरों में भी तेजी रही. दूसरी ओर, IT सेक्टर और ऑटो सेक्टर में थोड़ी सुस्ती नजर आई. टेक महिंद्रा और इंफोसिस जैसे दिग्गज शेयरों में बिकवाली का दबाव देखने को मिला, जिससे IT इंडेक्स लाल निशान में ट्रेड करता दिखा.
इन्वेस्टर्स के लिए आगे की राह क्या होगी?
एक्स्पर्ट्स का मानना है कि भले ही बाजार आज हरे निशान में खुला है, लेकिन सावधानी बरतना जरूरी है. अमेरिका और चीन के बीच होने वाली समिट (Trump-Xi Summit) पर सबकी नजर है, जहां टैरिफ और टेक्नोलॉजी एक्सपोर्ट जैसे बड़े मुद्दों पर चर्चा होनी है. जानकारों के मुताबिक, जब तक निफ्टी 23,550 के स्तर के ऊपर मजबूती से बंद नहीं होता, तब तक बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. अभी के लिए 23,200 का लेवल एक मजबूत सपोर्ट की तरह काम कर रहा है.
ये भी पढ़ें: अमूल और मदर डेयरी का बड़ा फैसला, अब दूध के लिए देने होंगे ₹2 ज्यादा, जानें नए रेट्स
