डॉलर हुआ बेकाबू और तेल में लगी आग, सेंसेक्स-निफ्टी का बिगड़ा पूरा मिजाज

Indian Stock Market 20 May 2026: शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर और महंगे कच्चे तेल से बढ़ी चिंता. जानें आज किन शेयरों में सबसे ज्यादा हलचल रही.

Indian Stock Market 20 May 2026: बुधवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत भारी गिरावट के साथ हुई. सेंसेक्स करीब 394 अंक टूटकर 74,806 पर खुला, जबकि निफ्टी 160 अंक फिसलकर 23,457 के स्तर पर पहुंच गया. बाजार पर सबसे बड़ा दबाव रुपये की कमजोरी और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का दिखा. भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 96.89 के नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया. वहीं ब्रेंट क्रूड ऑयल करीब 110 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना हुआ है. इससे इन्वेस्टर्स की चिंता बढ़ गई है. 

इन्वेस्टर्स आखिर डर क्यों रहे हैं?

विशेषज्ञों का कहना है कि महंगा तेल, कमजोर रुपया और विदेशी इन्वेस्टर्स की बिकवाली बाजार का मूड बिगाड़ रहे हैं. विदेशी इन्वेस्टर्स ने मंगलवार को करीब 2,457 करोड़ रुपये की बिकवाली की. हालांकि घरेलू इन्वेस्टर्स ने 3,801 करोड़ रुपये की खरीदारी कर बाजार को सहारा दिया. वैश्विक तनाव भी बाजार पर असर डाल रहा है. अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव से इन्वेस्टर्स सतर्क हैं. इसी वजह से एशियाई बाजारों में भी कमजोरी दिखी. जापान का निक्केई, हांगकांग का हैंगसेंग और दक्षिण कोरिया का कोस्पी लाल निशान में कारोबार करते नजर आए. 

किन शेयरों में दिखी सबसे ज्यादा हलचल?

निफ्टी के ज्यादातर शेयर गिरावट में रहे. टाटा स्टील, BEL, JSW Steel, महिंद्रा एंड महिंद्रा और मारुति सुजुकी जैसे बड़े शेयरों में कमजोरी दिखी. वहीं कुछ शेयरों ने बाजार की गिरावट में भी मजबूती दिखाई.  हिंदाल्को करीब 3 फीसदी चढ़ा, जबकि इंफोसिस, रिलायंस, टीसीएस और विप्रो जैसे आईटी शेयर हल्की बढ़त में रहे. 

आगे बाजार पर क्या रहेगा असर?

अब इन्वेस्टर्स की नजर कई बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजों पर रहेगी. ग्रासिम, अपोलो हॉस्पिटल्स, बॉश, ओला इलेक्ट्रिक और जुबिलेंट फूडवर्क्स जैसी कंपनियां आज अपने नतीजे जारी करेंगी. साथ ही रुपये और कच्चे तेल की चाल भी बाजार की दिशा तय करेगी. 

ये भी पढ़ें: सोना चमका, चांदी पड़ी सुस्त, जानिए क्या हैं 20 मई के लेटेस्ट रेट्स 

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Soumya Shahdeo

सौम्या शाहदेव ने बैचलर ऑफ़ आर्ट्स इन इंग्लिश लिटरेचर में ग्रेजुएशन किया है और वह इस समय प्रभात खबर डिजिटल के बिजनेस सेक्शन में कॉन्टेंट राइटर के रूप में काम कर रही हैं. वह ज़्यादातर पर्सनल फाइनेंस से जुड़ी खबरें लिखती हैं, जैसे बचत, निवेश, बैंकिंग, लोन और आम लोगों से जुड़े पैसे के फैसलों के बारे में. इसके अलावा, वह बुक रिव्यू भी करती हैं और नई किताबों व लेखकों को पढ़ना-समझना पसंद करती हैं. खाली समय में उन्हें नोवेल्स पढ़ना और ऐसी कहानियाँ पसंद हैं जो लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >