How to start coaching center : आज के समय में शिक्षा सिर्फ एक नोबल प्रोफेशन ही नहीं, बल्कि करियर बनाने और एक सफल बिजनेस शुरू करने का एक बेहतरीन जरिया भी बन चुका है. स्कूल-कॉलेज के ट्यूशन से लेकर UPSC, JEE, NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं (Competitive Exams) और कोडिंग व स्पोकन इंग्लिश जैसे स्किल कोर्सेज की मांग बाजार में लगातार बढ़ रही है.
अगर आपके पास भी किसी विषय का अच्छा ज्ञान है और आप अपना खुद का कोचिंग संस्थान शुरू करना चाहते हैं, तो यह गाइड आपके बहुत काम आने वाली है. आइए जानते हैं कोचिंग सेंटर खोलने की पूरी प्रक्रिया, इसमें होने वाला खर्च और सरकार के जरूरी नियम.
कोचिंग का प्रकार और टारगेट स्टूडेंट तय करें
कोचिंग खोलने की प्लानिंग करने से पहले आपको यह तय करना होगा कि आप किस वर्ग के छात्रों को पढ़ाना चाहते हैं.
- स्कूल ट्यूशन: कक्षा 1 से 12वीं तक के छात्रों के लिए स्टेट बोर्ड, CBSE या ICSE की तैयारी.
- प्रतियोगी परीक्षाएं: IIT-JEE, NEET, UPSC, SSC, बैंकिंग या रेलवे एग्जाम्स.
- स्किल डेवलपमेंट: कंप्यूटर कोर्सेज (कोडिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग), डिजिटल मार्केटिंग या डेटा साइंस.
- भाषा प्रशिक्षण: स्पोकन इंग्लिश, आईईएलटीएस (IELTS) या विदेशी भाषाएं.
कोचिंग सेंटर के लिए सही जगह का चुनाव
कोचिंग की सफलता में उसका ‘लोकेशन’ सबसे बड़ा रोल निभाता है. आपकी जगह चुनते समय नीचे लिखी बातों का ध्यान रखें.
- सेंटर ऐसी जगह हो जहां बस, ऑटो या मेट्रो की कनेक्टिविटी अच्छी हो ताकि छात्र आसानी से आ-जा सकें.
- इलाका पूरी तरह से सुरक्षित और शांत होना चाहिए.
- यदि सेंटर किसी स्कूल, कॉलेज या छात्र बहुल आवासीय क्षेत्र (Residential Area) के पास होगा, तो आपको मार्केटिंग में बहुत आसानी होगी.
- छात्रों की साइकिल या बाइक खड़ी करने के लिए पर्याप्त जगह होनी चाहिए.
कोचिंग सेंटर खोलने में कितना खर्च आता है?
कोचिंग सेंटर का बजट इस बात पर निर्भर करता है कि आप इसे कितने बड़े स्केल पर शुरू कर रहे हैं.
शुरुआती और मुख्य खर्चे
- क्लासरूम का किराया, छात्रों के बैठने के लिए बेंच/डेस्क और चेयर.
- व्हाइटबोर्ड, मार्कर या आजकल ट्रेंड में चल रहे डिजिटल स्मार्ट बोर्ड (Smart Board).
- पीने के साफ पानी के लिए वॉटर प्यूरीफायर, लाइट, पंखे या एसी (AC) का खर्च.
- पम्फलेट, बैनर और सोशल मीडिया पर विज्ञापन का खर्च.
- यदि आप दूसरे टीचर्स को रख रहे हैं, तो उनका मासिक वेतन.
अगर आप छोटे स्तर पर 20-30 बच्चों के साथ घर या किसी छोटी दुकान से शुरुआत करते हैं, तो ₹50,000 से ₹2,000,000 में काम शुरू हो सकता है. वहीं, डिजिटल सुविधाओं के साथ एक बड़े इंस्टीट्यूट के लिए ₹5 लाख से ₹15 लाख या उससे ज्यादा की जरूरत पड़ सकती है.
कानूनी नियम और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया
छोटे स्तर पर होम ट्यूशन्स के लिए तुरंत रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होती, लेकिन जैसे ही छात्रों की संख्या बढ़ती है और आप इसे एक ब्रांड बनाना चाहते हैं, तो कानूनी सुरक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन करा लेना चाहिए.
- आप अपने संस्थान को प्रोपराइटरशिप (Proprietorship), पार्टनरशिप फर्म, LLP या प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के रूप में रजिस्टर करा सकते हैं.
- शॉप एंड एस्टेब्लिशमेंट एक्ट: अपने स्थानीय नगर निगम या अथॉरिटी से गुमास्ता/शॉप एक्ट लाइसेंस जरूर लें.
यदि आपके कोचिंग सेंटर का सालाना टर्नओवर सरकार द्वारा तय सीमा (आमतौर पर ₹20 लाख से ₹40 लाख) को पार करता है, तो GST नंबर लेना अनिवार्य हो जाता है.
नए नियमों के अनुसार ‘सुरक्षा मानक’ हैं सबसे जरूरी
आजकल प्रशासन कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा को लेकर बेहद सख्त है. किसी भी अप्रिय घटना और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए आपके सेंटर में ये 5 इंतजाम होने ही चाहिए.
- क्लासरूम के बाहर चालू हालत में फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशामक यंत्र) टंगे होने चाहिए और आपातकालीन निकास (Emergency Exit) का रास्ता साफ होना चाहिए.
- मुख्य प्रवेश द्वार, रिसेप्शन और कॉरिडोर में सीसीटीवी कैमरे लगवाएं ताकि सुरक्षा बनी रहे.
- क्लासरूम में पर्याप्त रोशनी और हवा आने-जाने की जगह हो. बिजली के सभी बोर्ड और तार पूरी तरह ढके और सुरक्षित होने चाहिए.
- बच्चों के लिए एक बेसिक फर्स्ट एड किट (प्राथमिक उपचार) हमेशा तैयार रखें और पास के अस्पताल का नंबर डिस्प्ले पर रखें.
- छात्राओं और नाबालिग बच्चों की सुरक्षा के लिए स्टाफ और टीचर्स के लिए कड़े नियम बनाएं.
छात्रों को कैसे आकर्षित करें?
मार्केट में बहुत कॉम्पिटिशन है, इसलिए बच्चों और पेरेंट्स तक पहुंचने के लिए स्मार्ट तरीका अपनाएं.
- शुरुआत में बच्चों को 3 से 5 दिनों की फ्री डेमो क्लास दें ताकि वे आपकी टीचिंग क्वालिटी को समझ सकें.
- यूट्यूब (YouTube), इंस्टाग्राम और फेसबुक पर छोटे-छोटे एजुकेशनल वीडियो या रील्स बनाकर शेयर करें.
- जब आपके पढ़ाए बच्चे अच्छे नंबर लाएं, तो उनके पोस्टर्स लगाएं और उनकी सफलता की कहानियां दूसरों से साझा करें.
- आप अपने ऑफलाइन सेंटर के साथ-साथ Zoom या Google Meet ऐप के जरिए ऑनलाइन बैच भी शुरू कर सकते हैं, जिससे आप कम खर्च में देश भर के बच्चों को पढ़ा सकेंगे.
Also Read : ‘ये नटवरलाल है, साजिश करता है…’, खान सर के चाचा ने उनपर लगाए कई गंभीर आरोप
