Home Loan Interest Rates 2026: अगर आप 2026 में अपने सपनों का घर खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. मार्च महीने में होम लोन की ब्याज दरें 7.10% से शुरू हो रही हैं. Paisabazaar.com के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, सरकारी बैंकों से लेकर प्राइवेट संस्थानों तक, हर कोई ग्राहकों को लुभाने के लिए आकर्षक ऑफर्स दे रहा है.
सबसे कम ब्याज कहां मिल रहा है?
अगर आप सबसे सस्ता लोन ढूंढ रहे हैं, तो सरकारी बैंक (Public Sector Banks) रेस में सबसे आगे हैं. बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की दरें महज 7.10% से शुरू हो रही हैं. वहीं, यूनियन बैंक और यूको बैंक में यह 7.15% है. देश के बड़े बैंक एसबीआई और पीएनबी 7.20% से 7.25% के बीच लोन ऑफर कर रहे हैं.
प्राइवेट बैंक और HFCs में क्या रेट हैं?
प्राइवेट बैंकों में साउथ इंडियन बैंक (7.20%) और एचएसबीसी (7.45%) काफी बेहतर हैं. हालांकि, आईसीआईसीआई और एचडीएफसी बैंक जैसे बड़े नाम 7.65% से 7.75% की शुरुआती दर पर लोन दे रहे हैं. वहीं, हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों (HFCs) की बात करें तो एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस और बजाज हाउसिंग फाइनेंस केवल 7.15% से शुरुआत कर रहे हैं.
लोन की दरें कम-ज्यादा क्यों होती हैं?
बैंक जो रेट विज्ञापनों में दिखाते हैं, वो अक्सर शुरुआती दर होती है. आपको मिलने वाला फाइनल रेट इन 4 बातों पर टिका होता है:
- क्रेडिट स्कोर: अगर आपका सिबिल (CIBIL) स्कोर अच्छा है, तो रेट कम लगेगा.
- इनकम का जरिया: सैलरी पाने वालों और बिजनेस करने वालों के लिए दरें अलग हो सकती हैं.
- लोन की राशि: 30 लाख से कम और 75 लाख से ज्यादा के लोन पर बैंक अलग-अलग रिस्क कैलकुलेट करते हैं.
- स्पेशल ऑफर: कई बैंक महिलाओं को 0.05% की एक्स्ट्रा छूट देते हैं (जैसे UCO बैंक).
क्या आपको एक्स्ट्रा छूट मिल सकती है?
जी हां, कुछ बैंकों में खास शर्तें हैं. जैसे यूनियन बैंक में अगर आप बीमा (Insurance) लेते हैं, तो 0.05% की छूट मिल सकती है. केनरा बैंक रेडी-टू-मूव घरों और अपने सैलरी अकाउंट वाले ग्राहकों को एक्स्ट्रा फायदा दे रहा है.
ये भी पढ़ें: मकान मालिक अब नहीं मांग सकेंगे भारी डिपॉजिट, जानें क्या कहता है नया रेंट फ्रेमवर्क
