केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए आने वाले दिन अहम हैं. एक तरफ जुलाई 2026 के महंगाई भत्ते यानी डीए में बढ़ोतरी का इंतजार है, तो दूसरी तरफ 8वें पे कमीशन की कंसल्टेशन प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ रही है. फिलहाल सरकार ने जुलाई 2026 के लिए DA की नई दर का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है. वहीं 8वें पे कमीशन की बैठकों में कर्मचारियों और पेंशनर्स से सुझाव लिए जा रहे हैं.
जुलाई का DA कितना बढ़ सकता है?
केंद्रीय कर्मचारियों का DA साल में दो बार रिवाइज होता है. यह जनवरी-जून और जुलाई-दिसंबर की अवधि के लिए तय किया जाता है. इसके लिए ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स फॉर इंडस्ट्रियल वर्कर्स यानी AICPI-IW के आंकड़ों को आधार बनाया जाता है. जनवरी 2026 में सरकार ने डीए में 2 फीसदी की बढ़ोतरी की थी. इसके बाद डीए 58 फीसदी से बढ़कर 60 फीसदी हो गया था. पेंशनर्स के लिए डियरनेस रिलीफ यानी DR भी बढ़ाकर 60 फीसदी किया गया था.
अब जुलाई 2026 की नई दर का इंतजार है. अगर सरकार 3 फीसदी की बढ़ोतरी करती है, तो DA 63 फीसदी हो सकता है. हालांकि, अभी यह सिर्फ संभावित आंकड़ा है. अंतिम फैसला सरकार की आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगा.
8वें पे कमीशन में क्या चल रहा है?
केंद्र सरकार ने 3 नवंबर 2025 को 8वें पे कमीशन का गठन किया था. जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई को इसकी चेयरपर्सन बनाया गया है. कमीशन को सरकारी कर्मचारियों की सैलरी, भत्ते, पेंशन और नौकरी से जुड़े दूसरे मामलों की समीक्षा कर अपनी सिफारिशें देनी हैं. इसके लिए देशभर में कर्मचारियों, पेंशनर्स, कर्मचारी संगठनों और दूसरे संबंधित लोगों से सुझाव लिए जा रहे हैं.
अगली कंसल्टेशन बैठकें कब और कहां होंगी?
8वें पे कमीशन की कंसल्टेशन प्रक्रिया अभी जारी है. जयपुर के HCM RIPA में हुई ताजा बैठक 1 सितंबर को पूरी हुई. इसमें काम कर रहे सरकारी कर्मचारियों को अपनी मांगें और सुझाव रखने का मौका मिला.
आगे इन जगहों पर कंसल्टेशन होना है:
| जगह | तारीख |
| पुडुचेरी | 9 सितंबर |
| चंडीगढ़ | 16-18 सितंबर |
| बेंगलुरु | 7-8 अक्टूबर |
कमीशन मई-जून 2027 तक अपनी सिफारिशें केंद्र सरकार को सौंप सकता है.
फिटमेंट फैक्टर पर क्या है अपडेट?
सैलरी में संभावित बढ़ोतरी को लेकर फिटमेंट फैक्टर भी चर्चा में है. 6वें पे कमीशन में 1.86 और 7वें पे कमीशन में 2.57 का फिटमेंट फैक्टर अपनाया गया था. अब 8वें पे कमीशन के लिए BPMS, NC(JCM) और AIDEF जैसे कर्मचारी संगठन इससे ज्यादा फिटमेंट फैक्टर की मांग कर रहे हैं.
हालांकि, अभी सैलरी, भत्ते, पेंशन या फिटमेंट फैक्टर में कितनी बढ़ोतरी होगी, इसे तय नहीं माना जा सकता. इसका फैसला पहले कमीशन की सिफारिशों और फिर केंद्र सरकार के निर्णय के आधार पर होगा.
