क्रेडिट मार्केट में गोल्ड लोन की बादशाहत, बना भारत का पसंदीदा रिटेल प्रोडक्ट

Gold Loan Market Growth: गोल्ड लोन मार्केट में अब महिलाओं की हिस्सेदारी 40% तक पहुंच गई है. ग्रामीण इलाकों में बढ़ती लोकप्रियता के कारण इस सेक्टर ने अब तक की सबसे बड़ी ग्रोथ दर्ज की है.

Gold Loan Market Growth: दिसंबर 2025 की तिमाही में भारत के क्रेडिट मार्केट में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है. ताजा आंकड़ों के अनुसार, ‘क्रेडिट मार्केट इंडिकेटर’ (CMI) में भारी उछाल आया है, जिसका मुख्य कारण गोल्ड लोन की मांग और सप्लाई में हुई रिकॉर्ड बढ़ोतरी है. इस दौरान गोल्ड लोन लेने वालों की संख्या (वॉल्यूम) में 45% और लोन की कुल राशि (वैल्यू) में 108% का जबरदस्त बढ़ोतरी हुआ है. 

अब रिटेल लोन के बाजार में गोल्ड लोन सबसे बड़ा खिलाड़ी बन गया है. कुल लोन मार्केट में इसकी हिस्सेदारी वॉल्यूम में 36% और वैल्यू में 39% तक पहुंच गई है. 

क्यों बढ़ रहा है गोल्ड लोन का क्रेज?

ANI की रिपोर्ट के अनुसार, गोल्ड लोन में इस तेजी की सबसे बड़ी वजह सोने की कीमतों में उछाल है. मार्च 2023 से अब तक सोने के दाम लगभग दोगुने हो चुके हैं. जब सोने की कीमत बढ़ती है, तो ग्राहक को उसी सोने पर पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा लोन मिल जाता है. रिपोर्ट बताती है कि औसत लोन राशि (टिकट साइज) में 1.8 गुना की बढ़ोतरी हुई है. यानी लोग अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए सोने की बढ़ी हुई कीमतों का पूरा फायदा उठा रहे हैं.

किन राज्यों में हुई सबसे ज्यादा ग्रोथ?

आमतौर पर गोल्ड लोन साउथ इंडिया में ज्यादा लोकप्रिय रहा है, लेकिन अब नॉर्थ और वेस्ट इंडिया भी इसमें पीछे नहीं हैं. राजस्थान में गोल्ड लोन के वॉल्यूम में 79% और उत्तर प्रदेश में 96% की भारी बढ़त दर्ज की गई है. इसके अलावा मध्य प्रदेश में भी ग्रोथ औसत से ज्यादा रही है. आंकड़ों के मुताबिक, 68% लोन ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों से लिए गए हैं, जिनमें महिलाओं की भागीदारी लगभग 40% है. 

बाकी लोन मार्केट्स का क्या हाल है?

जहां गोल्ड लोन आसमान छू रहा है, वहीं होम लोन में भी 13% की बढ़त देखी गई है. हालांकि, क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल में थोड़ी गिरावट आई है और इसके वॉल्यूम में 11% की कमी दर्ज की गई है. अब गोल्ड लोन, होम लोन के बाद दूसरा सबसे बड़ा रिटेल प्रोडक्ट बन गया है, जो यह दर्शाता है कि भारतीय अब कर्ज के लिए अपने सोने पर ज्यादा भरोसा कर रहे हैं. 

ये भी पढ़ें: हवाई सफर पर महंगाई की मार, विमान फ्यूल की कीमतें 115% बढ़ीं

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Soumya Shahdeo

सौम्या शाहदेव ने बैचलर ऑफ़ आर्ट्स इन इंग्लिश लिटरेचर में ग्रेजुएशन किया है और वह इस समय प्रभात खबर डिजिटल के बिजनेस सेक्शन में कॉन्टेंट राइटर के रूप में काम कर रही हैं. वह ज़्यादातर पर्सनल फाइनेंस से जुड़ी खबरें लिखती हैं, जैसे बचत, निवेश, बैंकिंग, लोन और आम लोगों से जुड़े पैसे के फैसलों के बारे में. इसके अलावा, वह बुक रिव्यू भी करती हैं और नई किताबों व लेखकों को पढ़ना-समझना पसंद करती हैं. खाली समय में उन्हें नोवेल्स पढ़ना और ऐसी कहानियाँ पसंद हैं जो लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >