बिजली की खराबी हो, प्राकृतिक आपदा हो या कोई दुर्घटना -आग कुछ ही मिनटों में वर्षों की मेहनत नष्ट कर सकती है. यहीं fire insurance मददगार साबित होता है.
फायर इंश्योरेंस होना क्यों जरूरी है?
MSME को निम्नलिखित कारणों से फायर इंश्योरेंस को प्राथमिकता देनी चाहिए:
संपत्ति की सुरक्षा
मान लीजिए जयपुर में फर्नीचर बनाने की एक छोटी इकाई है, जहां बड़ी मात्रा में लकड़ी और वार्निश रखा जाता है - दोनों ही बेहद ज्वलनशील सामग्री हैं. एक शॉर्ट सर्किट आसानी से आग का कारण बन सकता है, जो कुछ ही मिनटों में लाखों रुपये का स्टॉक राख कर दे. लेकिन अगर उस निर्माता के पास फायर property insurance है, तो किसी हादसे की स्थिति में वह कवर की गई राशि तक मशीनरी, इन्वेंट्री और फर्नीचर के मूल्य का दावा कर सकता है. इसके बिना, एक ही दुर्घटना उसकी वर्षों की बचत और तरक्की मिटा सकती है.
मशीनरी को नुकसान
तिरुपुर की एक टेक्सटाइल डाइंग फैक्ट्री का उदाहरण लीजिए, जो कपड़ों की प्रोसेसिंग के लिए तेज़ गर्मी वाली मशीनों का इस्तेमाल करती है. ज्यादा गरम हुआ एक बॉयलर या रसायन का बिखर जाना ऐसी आग भड़का सकता है जो सारे उपकरण बर्बाद कर दे. ऐसी घटना होने पर बीमा कंपनी इन विशेष मशीनों की मरम्मत या उन्हें बदलने का खर्च उठाती है, जो अक्सर कई लाख रुपये का होता है. यह कवरेज फैक्ट्री मालिक को अपनी आर्थिक स्थिति पर बोझ डाले बिना उत्पादन दोबारा शुरू करने में सक्षम बनाता है, और साथ ही एक चुनौतीपूर्ण बाज़ार में उसकी प्रतिस्पर्धात्मकता भी बनाए रखता है.
इन्वेंट्री का नुकसान
मान लीजिए आप दिल्ली के एक छोटे इलेक्ट्रॉनिक्स थोक विक्रेता हैं, जो सर्किट बोर्ड और LED पैनल जैसे सारे कीमती सामान गोदाम में रखते हैं. एक दिन शॉर्ट हुए तार से लगी आग पूरे स्टॉक को जलाकर पूरी खेप नष्ट कर देती है. फायर इंश्योरेंस यह सुनिश्चित करता है कि सारा सामान नष्ट हो जाने पर भी आप हुए नुकसान की भरपाई का दावा कर सकें और जल्दी से दोबारा स्टॉक भर सकें, जिससे कारोबार लंबे समय तक ठप न रहे और आपूर्तिकर्ताओं की पेनल्टी से भी बचा जा सके.
कारोबार की निरंतरता
पुणे की एक बेकरी दुकान का उदाहरण लीजिए. एक दिन ओवन की खराबी के कारण वहां आधी रात को आग लग गई. नतीजतन, मरम्मत के दौरान तीन हफ्तों तक दुकान बंद रही. यहां फायर इंश्योरेंस कारोबार ठप रहने के दौरान हुए आय के नुकसान की भरपाई करके मदद करता है. इससे बेकरी दुकान बंद रहने पर भी कर्मचारियों का वेतन, किराया और आपूर्तिकर्ताओं का बकाया चुका पाती है, और कर्ज के दबाव के बिना सहजता से दोबारा खड़ी हो जाती है.
अनुबंध संबंधी बाध्यताएं
कई ग्राहक कारोबारियों से फायर इंश्योरेंस रखने की मांग करते हैं. उदाहरण के लिए, नोएडा के एक पैकेजिंग सप्लायर को लीजिए जो बहुराष्ट्रीय FMCG कंपनियों को सेवाएं देता है. उसके ग्राहक उससे यह कवरेज रखने की अपेक्षा करते हैं. वजह यह है कि अगर आग से आपूर्ति शृंखला प्रभावित होती है, तो बीमा कंपनी की मदद से वह सप्लायर सामान न पहुंचा पाने के कारण ग्राहकों को हुए नुकसान की आर्थिक भरपाई कर सकेगा.
किरायेदार की सुरक्षा
किराए की जगह पर चलने वाले MSME के साथ यह जोखिम जुड़ा रहता है कि आग लगने पर मकान मालिक की संपत्ति को नुकसान पहुंच सकता है. फायर इंश्योरेंस उन्हें ऐसे नुकसान की देनदारी से बचाता है. उदाहरण के लिए, अगर किसी किरायेदार MSME के उपकरण से औद्योगिक शेड में आग लग जाती है, तो पॉलिसी मकान मालिक को ढांचे के नुकसान की भरपाई कर सकती है. यह लाभ कानूनी विवादों से बचाने में मदद करता है.
कानूनी सुरक्षा
आग से जटिल कानूनी मामले खड़े हो सकते हैं, खासकर तब जब आसपास के दूसरे कारोबार भी प्रभावित हों. फायर इंश्योरेंस में अक्सर लायबिलिटी कवरेज शामिल होता है, जो MSME को तीसरे पक्ष के दावों से बचाता है. उदाहरण के लिए, अगर किसी वर्कशॉप की आग बगल की इकाई तक फैल जाती है, तो पॉलिसी कानूनी खर्च और मुआवजा कवर कर सकती है. इससे मुकदमेबजी के कारण होने वाले अतिरिक्त आर्थिक नुकसान से बचाव होता है.
लोन में सुविधा
बैंक और ऋणदाता संस्थाएं अक्सर बीमाकृत कारोबारों को ऋण देना पसंद करती हैं. फायर इंश्योरेंस ऋणदाताओं को यह भरोसा देता है कि गिरवी रखी संपत्ति या अन्य आस्तियां नुकसान से सुरक्षित हैं.
फायर इंश्योरेंस का दावा करने की चरणबद्ध गाइड फायर इंश्योरेंस का दावा करने के लिए इन चरणों का पालन करें:
● चरण 1: आग पर तुरंत काबू पाएं (यदि संभव हो) और आगे नुकसान होने से रोकें. सबूतों से छेड़छाड़ न करें.
● चरण 2: स्थानीय दमकल विभाग को बुलाएं और फायर ब्रिगेड रिपोर्ट प्राप्त करें, जो दावा प्रक्रिया के लिए बेहद जरूरी है.
● चरण 3: पुलिस में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराएं, खासकर अगर आगजनी या किसी गड़बड़ी का संदेह हो.
● चरण 4: घटना के 24 घंटे के भीतर कॉल, ईमेल या कंपनी के ऐप/पोर्टल के जरिए अपनी बीमा कंपनी को सूचित करें.
● चरण 5: बीमा कंपनी का फायर क्लेम इंटिमेशन फॉर्म भरें, जिसमें पॉलिसी नंबर, आग की तारीख/समय, कारण और अनुमानित नुकसान जैसी जानकारी दें.
● चरण 6: सफाई या मरम्मत शुरू करने से पहले प्रभावित संपत्ति और सामान की साफ तस्वीरें/वीडियो लें.
● चरण 7: बीमा कंपनी नुकसान का आकलन करने के लिए एक लाइसेंसधारी सर्वेयर नियुक्त करेगी. मांगे गए सभी दस्तावेज उपलब्ध कराएं.
● चरण 8: FIR, फायर ब्रिगेड रिपोर्ट, खरीद के बिल, स्टॉक रजिस्टर, मरम्मत के अनुमान और तस्वीरें शामिल करें.
● चरण 9: नुकसान के आकलन की समीक्षा करें और आपत्ति हो तो उसे उचित कारण के साथ दर्ज कराएं.
● चरण 10: मंजूरी मिलने के बाद बीमा कंपनी NEFT या चेक के जरिए दावे की राशि जारी कर देगी.
निष्कर्ष
आग की दुर्घटना किसी भी कारोबार पर आ सकती है, चाहे उसका आकार या उद्योग कुछ भी हो. MSME के लिए ऐसी घटनाएं खासतौर पर विनाशकारी साबित हो सकती हैं, क्योंकि उनके पास सीमित संसाधन और पूंजी होती है. फायर इंश्योरेंस को प्राथमिकता देना सिर्फ़ नियमों का पालन करने या नुकसान से बचने भर की बात नहीं है; यह कारोबार की मजबूती, निरंतरता और आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित करने की बात है.
