कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) एक नया डिजिटल पोर्टल तैयार कर रहा है, जिसकी मदद से सदस्य आधार के जरिए अपनी पहचान वेरिफाई कर पुराने निष्क्रिय (Inoperative) PF अकाउंट को खोज सकेंगे और उसका पैसा ऑनलाइन ट्रांसफर या सेटलमेंट के लिए आवेदन कर सकेंगे.
लोकसभा में शुक्रवार को श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने सांसद वी.के. श्रीकंदन के सवाल के लिखित जवाब में इस नई सुविधा की जानकारी दी.
कैसे काम करेगा नया EPFO पोर्टल?
नया ई-पोर्टल आधार आधारित ऑथेंटिकेशन पर काम करेगा. इससे सदस्य अपनी पहचान ऑनलाइन वेरिफाई कर सकेंगे और बिना ज्यादा कागजी प्रक्रिया के पुराने PF अकाउंट तक पहुंच बना पाएंगे.
इस पोर्टल के जरिए सदस्य:
- पुराने निष्क्रिय PF अकाउंट को खोज सकेंगे.
- उसमें जमा राशि को अपने एक्टिव UAN में ट्रांसफर कर सकेंगे.
- चाहें तो ऑनलाइन सेटलमेंट के लिए भी आवेदन कर सकेंगे.
इसका सबसे ज्यादा फायदा उन कर्मचारियों को होगा जिन्होंने कई बार नौकरी बदली, खासकर उस समय जब UAN सिस्टम पूरी तरह लागू नहीं हुआ था और पुराने PF अकाउंट अलग-अलग रह गए.
कागजी झंझट कैसे होगा कम?
सरकार के मुताबिक नया डिजिटल प्लेटफॉर्म सिर्फ पुराने अकाउंट खोजने तक सीमित नहीं रहेगा. इसमें KYC अपडेट के लिए Joint Declaration भी ऑनलाइन जमा की जा सकेगी। हालांकि यह सुविधा जरूरी जांच के बाद ही पूरी होगी.
सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था से:
- कागजी प्रक्रिया कम होगी.
- EPFO दफ्तर के चक्कर घटेंगे.
- प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी बनेगी.
- पुराने PF अकाउंट का निपटारा पहले से आसान और तेज होगा.
क्या हर कोई इस सुविधा का लाभ उठा सकेगा?
अगर किसी सदस्य को अपने पुराने PF अकाउंट की जानकारी है और वह निष्क्रिय हो चुका है, तो नया पोर्टल उसे खोजने और ट्रांसफर करने में मदद करेगा. हालांकि सरकार ने साफ किया है कि जिन लोगों को अपना पुराना PF अकाउंट नंबर या पहचान संबंधी जानकारी पूरी तरह याद नहीं है, उनके लिए फिलहाल कोई नई सुविधा लाने का प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है.
यह अपडेट कर्मचारियों के लिए क्यों अहम है?
देश में 8 करोड़ से ज्यादा EPF योगदानकर्ता हैं. समय के साथ नौकरी बदलने की वजह से कई कर्मचारियों के एक से ज्यादा PF अकाउंट बन गए. 2014 में UAN सिस्टम आने के बाद अकाउंट ट्रांसफर आसान हुआ, लेकिन उससे पहले खुले कई अकाउंट आज भी निष्क्रिय या बिना क्लेम के पड़े हैं.
ऐसे कर्मचारियों के लिए यह नया आधार-आधारित पोर्टल राहत बन सकता है, क्योंकि इससे पुराने PF बैलेंस को डिजिटल तरीके से अपने मौजूदा UAN से जोड़ना पहले के मुकाबले कहीं आसान होगा.
इसी बीच EPFO ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 8.25% ब्याज भी सदस्यों के खातों में जमा करना शुरू कर दिया है. कई सब्सक्राइबर्स को ब्याज क्रेडिट होने का SMS भी मिलने लगा है, जिससे उनकी रिटायरमेंट बचत में बढ़ोतरी हुई है.
ये भी पढ़ें: क्रिप्टो वालों के लिए नया अपडेट! अब हर ट्रांजैक्शन पर रहेगी Income Tax की नजर
