Mumbai Rainfall Futures: मुंबई की बारिश अब सिर्फ मौसम नहीं, बल्कि कमाई करने और नुकसान से बचने का एक नया जरिया बनने जा रही है. आगामी 29 मई 2026 से भारत में पहली बार ‘मुंबई रेनफॉल फ्यूचर्स’ की ट्रेडिंग शुरू होने जा रही है. सेबी (SEBI) से मान्यता प्राप्त एक्सचेंज NCDEX (नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज) इस अनोखे कॉन्ट्रैक्ट को लॉन्च कर रहा है. इसके जरिए कारोबारी, कंपनियां और ट्रेडर्स बारिश के आंकड़ों पर पोजीशन ले सकेंगे.
यह सुनकर अजीब लग सकता है कि क्या बारिश से भी पैसा कमाया जा सकता है? इसका जवाब है हां. हालांकि, इसका असली मकसद अनुमान लगाना नहीं, बल्कि मौसम के कारण होने वाले आर्थिक जोखिम को कम करना (हेजिंग) है. दुनिया भर में ऐसी वेदर ट्रेडिंग का इस्तेमाल बिजनेस के नुकसान की भरपाई के लिए सालों से किया जा रहा है.
यह नया सिस्टम काम कैसे करेगा?
बिजनेस टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, यह पूरा कॉन्ट्रैक्ट मुंबई की चुनिंदा ऑब्जर्वेटरीज से मिलने वाले वास्तविक बारिश के आंकड़ों पर काम करेगा. इसमें कोई फिजिकल डिलीवरी नहीं होगी, बल्कि सारा सेटलमेंट पूरी तरह कैश (नकद) में होगा. जून से सितंबर 2026 के मानसून सीजन के लिए जून, जुलाई, अगस्त और सितंबर के अलग-अलग एक्सपायरी कॉन्ट्रैक्ट (सिंबल: RAINMUMBAI) उपलब्ध होंगे. इसका लॉट मल्टीप्लायर ₹50 प्रति मिलीमीटर (mm) बारिश तय किया गया है. इसका टिक साइज 1 mm और मैक्सिमम ऑर्डर साइज 50 लॉट्स का होगा. सीधे शब्दों में कहें तो, अगर आपको लगता है कि इस बार सामान्य से ज्यादा बारिश होगी, तो आप ‘Buy’ (खरीद) का दांव लगाएंगे. अगर असलियत में बारिश आपके अनुमान के मुताबिक ज्यादा हुई, तो आपको मुनाफा होगा. वहीं, कम बारिश की उम्मीद होने पर ‘Sell’ (बिक्री) करने का ऑप्शन होगा. अनुमान गलत निकलने पर नुकसान भी उठाना पड़ सकता है.
कंपनियों को इससे क्या फायदा होगा?
इसका सबसे बड़ा फायदा आम निवेशकों से ज्यादा बड़े बिजनेस और कॉर्पोरेट्स को होगा, जो मानसून में ठप पड़ जाते हैं:
- कंस्ट्रक्शन कंपनियां: भारी बारिश से साइट्स पर काम रुक जाता है, प्रोजेक्ट लेट होते हैं और लागत बढ़ती है. ये कंपनियां इस कॉन्ट्रैक्ट के जरिए अपने घाटे को मैनेज कर सकेंगी.
- बैंक: कमजोर मानसून के कारण कृषि लोन डूबने का खतरा रहता है. बैंक इस रिस्क को ऑफसेट करने के लिए इसका इस्तेमाल कर सकते हैं.
- लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट: बाढ़ और रास्तों के ब्लॉक होने से सप्लाई चेन टूटती है. कंपनियां इस अनिश्चितता से होने वाले नुकसान की भरपाई यहां से कर पाएंगी.
- इंश्योरेंस: बीमा कंपनियों को रिस्क असेसमेंट और पॉलिसी की सही प्राइसिंग तय करने में मदद मिलेगी.
भारत के लिए यह क्यों जरूरी है?
भारत की लगभग 50% कृषि भूमि आज भी सिंचाई के लिए पूरी तरह बारिश पर निर्भर है. देश की आधी वर्कफोर्स खेती से जुड़ी है, जिसके कारण हमारी जीडीपी और महंगाई सीधे मानसून की चाल से प्रभावित होती है. अमेरिका के CME एक्सचेंज में तो 1999 से ही वेदर फ्यूचर्स ट्रेड हो रहा है, लेकिन भारत इस क्लब में अब शामिल हो रहा है. शुरुआत में यह सिर्फ मुंबई तक सीमित है और इसके प्राइसिंग मॉडल को पूरी तरह सेट होने और मार्केट में लिक्विडिटी बनने में थोड़ा समय लगेगा. इसके बावजूद, भारतीय कैपिटल मार्केट के इतिहास में यह एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम है.
ये भी पढ़ें: अगर पीएफ अकाउंट हुआ है लॉक, तो तुरंत अपनाएं ये ट्रिक
