बीपीईए ईक्यूटी ने कोफोर्ज में अपनी पूरी 26.63 प्रतिशत हिस्सेदारी 7,683 करोड़ रुपये में बेची
निजी इक्विटी कंपनी बीपीईए ईक्यूटी की सहयोगी कंपनी हल्स्ट बी वी ने बृहस्पतिवार को खुला बाजार लेनदेन के जरिये कोफोर्ज लिमिटेड (पूर्व में एनआईआईटी टेक्नोलॉजीज) में अपनी पूरी 26.63 प्रतिशत हिस्सेदारी 7,683 करोड़ रुपये में बेच दी. नीदरलैंड में पंजीकृत हल्स्ट बी वी का स्वामित्व और नियंत्रण बीपीईए ईक्यूटी (पूर्व में बैरिंग प्राइवेट इक्विटी एशिया) से जुड़े कोषों द्वारा किया जाता है. एचडीएफसी म्यूचुअल फंड (एमएफ), आदित्य बिड़ला सन लाइफ एमएफ, कोटक महिंद्रा एमएफ, एसबीआई एमएफ, मॉर्गन स्टेनली एशिया सिंगापुर, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, स्मॉलकैप वर्ल्ड फंड इंक और सोसायटी जनरली ने कोफोर्ज के शेयर खरीदे हैं. एनएसई के पास उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, हल्स्ट बी वी ने कोफोर्ज में 1,62,71,260 शेयर बेचे, जो 26.63 प्रतिशत हिस्सेदारी है. ये शेयर औसतन 4,722.15 रुपये की कीमत पर बेचे गए, जिससे कुल सौदा 7,683.53 करोड़ रुपये बैठता है.