मुंबई : सन फार्मास्युटिकल ने आज कहा कि चार अरब डालर के रैनबैक्सी के विलय के पूरा होने के बाद कंपनी की भारतीय शेयर बाजारों से सूचीबद्धता समाप्त की जाएगी. सन फार्मा ने बंबई शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ‘इस सौदे के पूरा होने के बाद रैनबैक्सी को भारतीय शेयर बाजारों से सूचीबद्धता समाप्त की जाएगी.
रैनबैक्सी के शेयरधारकों को प्रत्येक एक शेयर के बदले सन फार्मा का 0.8 शेयर मिलेगा.’ इस विलय से सन फार्मा जेनेरिक दवा बनाने की विशेषज्ञता के साथ पांचवी सबसे बडी कंपनी बन गयी है. वहीं भारत में यह शीर्ष स्थान पर है. सन फार्मा के प्रबंध निदेशक दिलीप सांघवी ने कहा, ‘हम वैश्विक स्तर पर नियामकों का विश्वास जीतने पर ध्यान देना जारी रखेंगे. साथ ही मरीजों की जरुरतों के हिसाब से उत्पादों का विकास किया जाना जारी रहेगा.’
