कीमतों पर काबू पाने के लिए 4,000 टन प्याज का होगा आयात, MMTC ने निकाली निविदा

नयी दिल्ली : सार्वजनिक क्षेत्र की एमएमटीसी ने 4,000 टन प्याज के आयात के लिए दो अलग-अलग निविदाएं निकाली हैं. प्याज की घरेलू आपूर्ति में सुधार और कीमतों पर अंकुश के लिए एमएमटीसी प्याज का आयात कर रही है. राष्ट्रीय राजधानी में कई स्थानों पर प्याज का खुदरा दाम 100 रुपये किलोग्राम की ऊंचाई पर […]

नयी दिल्ली : सार्वजनिक क्षेत्र की एमएमटीसी ने 4,000 टन प्याज के आयात के लिए दो अलग-अलग निविदाएं निकाली हैं. प्याज की घरेलू आपूर्ति में सुधार और कीमतों पर अंकुश के लिए एमएमटीसी प्याज का आयात कर रही है. राष्ट्रीय राजधानी में कई स्थानों पर प्याज का खुदरा दाम 100 रुपये किलोग्राम की ऊंचाई पर पहुंच गया है. एमएमएटीसी को कुल एक लाख टन प्याज का आयात करने का निर्देश दिया गया है. सरकार ने शनिवार को प्याज कीमतों पर नियंत्रण के लिए इसका एक लाख टन का आयात करने का फैसला किया.

व्यापार कंपनी एमएमटीसी जहां प्याज का आयात करेगी. वहीं, सहकारिता नेफेड घरेलू बाजार में इसकी आपूर्ति करेगी. सचिवों की समिति की शनिवार को हुई बैठक में यह फैसला किया गया. खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री रामविलास पासवान ने शनिवार को ट्वीट कर कहा कि सरकार ने एक लाख टन प्याज के आयात का फैसला किया है.

एमएमटीसी से कहा गया है कि वह प्याज का आयात कर इसे 15 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच घरेलू बाजार के लिए उपलब्ध कराए. नेफेड को देशभर में प्याज की आपूर्ति का निर्देश दिया गया है. पासवान ने पिछले सप्ताह कहा था कि घरेलू उत्पादन 30 से 40 फीसदी घटने की वजह से इसकी कीमतों में उछाल आया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >