Bankipur By Election voting: बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने जन सुराज प्रत्याशी प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला. वोट डालने के बाद उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर में एकतरफा चुनाव हो रहा है और भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा की जीत तय है.
वोट डालने के बाद रामकृपाल यादव ने कहा कि बांकीपुर में पिछले कई वर्षों में लगातार विकास हुआ है. इसी वजह से जनता का भरोसा भाजपा पर बना हुआ है. उन्होंने कहा कि इस बार भी लोग भाजपा उम्मीदवार को ही जिताने का मन बना चुके हैं.
'प्रशांत किशोर बाहर के आदमी हैं'
रामकृपाल यादव ने कहा कि प्रशांत किशोर का बांकीपुर से कोई जुड़ाव नहीं है. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या प्रशांत किशोर का घर बांकीपुर में है? क्या वह कभी यहां रहे हैं? उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो बांकीपुर की पांच गलियों और पांच मोहल्लों के नाम बताकर दिखाएं.
'जनता उन्हें वोट नहीं देगी'
मंत्री ने कहा कि प्रशांत किशोर बांकीपुर के नहीं हैं, इसलिए यहां की जनता उन्हें स्वीकार नहीं करेगी. उन्होंने आगे कहा कि प्रशांत किशोर नौटंकीबाज, सौदेबाज और बाहर के आदमी हैं. उनका अता-पता दिल्ली है, कि मुंबई है ये किसी को पता नहीं. उनको जनता कदापि वोट नहीं करेगी.
अशोक चौधरी ने पत्नी के साथ किया मतदान
बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी भी अपनी पत्नी के साथ मतदान केंद्र पहुंचे और वोट डाला. उन्होंने भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा की खूब सराहना की. इसके अलावा कई अन्य नेताओं ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
श्याम रजक बोले- कोई संघर्ष नहीं
जदयू विधायक श्याम रजक ने मतदान के बाद कहा कि वह बांकीपुर के मतदाता हैं और उन्होंने अपना वोट डाल दिया है. उनके मुताबिक इस चुनाव में कोई संघर्ष नहीं है और मुकाबला एकतरफा है.
मतदाताओं ने भी रखी अपनी राय
पटना वीमेंस कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर मतदाताओं ने अलग-अलग मुद्दों पर अपनी राय रखी. प्रभात खबर रिपोर्टर रिया से बातचीत में राजेंद्र नगर के मनोज श्रीवास्तव और अंजू श्रीवास्तव ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रवाद के मुद्दे पर मतदान किया. बोरिंग रोड की नीता ने कहा कि उनके लिए सबसे बड़ा मुद्दा महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा है.
कृष्णा नगर की डॉ. तूलिका ने कहा कि बांकीपुर में कम मतदान की एक वजह लोगों का बाहर बस जाना है. हालांकि इस बार बदलाव की उम्मीद में लोग मतदान करने पहुंच रहे हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
वोटिंग के बीच हुआ हंगामा
मतदान के दौरान किदवईपुरी और PNT कॉलोनी में भाजपा और जन सुराज समर्थकों के बीच हंगामा भी हुआ. दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई. जन सुराज ने भाजपा के पूर्व प्रत्याशी पर मतदाताओं को प्रभावित करने का आरोप लगाया. वहीं भाजपा ने जन सुराज पर फर्जी मतदान कराने की कोशिश का आरोप लगाते हुए रिटर्निंग ऑफिसर से शिकायत की और मतदाताओं के सख्त सत्यापन की मांग की.
तीन उम्मीदवारों के बीच मुकाबला
बांकीपुर उपचुनाव में कुल 25 उम्मीदवार मैदान में हैं. हालांकि मुख्य मुकाबला भाजपा के नीरज सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता और जन सुराज के प्रशांत किशोर के बीच माना जा रहा है. मतदान जारी है और सभी की नजर अब नतीजों पर टिकी है.
