Bankipur Bypoll: पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. चुनाव प्रचार को धार देने के लिए बीजेपी ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है.
बीजेपी ने कुल 40 नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया है. इस सूची में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और MLC पवन सिंह का नाम भी शामिल है.
बांकीपुर सीट पर 30 जुलाई 2026 को मतदान होगा, जबकि चुनाव परिणाम 3 अगस्त 2026 को घोषित किए जाएंगे.
नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट
बांकीपुर विधानसभा सीट बीजेपी के लिए काफी अहम मानी जाती है. यह सीट नितिन नवीन के विधायक पद से इस्तीफा देने और राज्यसभा सांसद बनने के बाद खाली हुई है. साल 1995 से इस सीट पर लगातार बीजेपी का कब्जा रहा है. इसी वजह से बांकीपुर को बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता है.
इस बार मुकाबला और दिलचस्प हो गया है. जन सुराज ने प्रशांत किशोर को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि बीजेपी ने अपने कार्यकर्ता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है.
नीरज सिन्हा के प्रचार में जुटेंगे बीजेपी के दिग्गज
बीजेपी ने अपने उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए 40 स्टार प्रचारकों की टीम तैयार की है. इसमें पार्टी के बड़े नेताओं के साथ बिहार सरकार के कई मंत्री और संगठन के प्रमुख चेहरे शामिल हैं. बीजेपी का लक्ष्य इस सीट पर अपनी पुरानी पकड़ बनाए रखना है.
नितिन नवीन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या कहा?
इससे पहले बांकीपुर उपचुनाव को लेकर नितिन नवीन ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने कहा कि बांकीपुर क्षेत्र से उनका पुराना रिश्ता रहा है. क्षेत्र की जनता की इच्छा थी कि वह उनके बीच आएं, इसलिए वह लोगों से मिलने पटना पहुंचे हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
'जनता के बीच रहना मेरी जिम्मेदारी'
नितिन नवीन ने कहा कि एक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि के तौर पर जनता के बीच रहना उनकी जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने एक छोटे से कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी दी है. इसके लिए वह पार्टी के आभारी हैं.
20 साल से बांकीपुर की जनता से जुड़ाव का किया जिक्र
नितिन नवीन ने कहा कि पिछले 20 वर्षों से वह बांकीपुर की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करते आए हैं. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों से उनका लगातार संपर्क रहा है और वह हमेशा जनता की उम्मीदों को पूरा करने का प्रयास करते रहे हैं.
बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी अपनी पुरानी जीत की परंपरा को कायम रखना चाहती है, वहीं विपक्षी दल इस सीट पर सेंध लगाने की कोशिश में जुटे हैं.
