फारबिसगंज (अररिया) से मो कलीम उद्दीन की रिपोर्ट: अररिया जिले के फारबिसगंज प्रखंड अंतर्गत रमई पंचायत के घोड़ाघाट वार्ड संख्या-01 में गुरुवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां घर में सो रही 20 वर्षीय किशोरी चांदनी खातून की उसके पड़ोसी युवक ने गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल व्याप्त है.
सोते समय मारी छाती में गोली
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका चांदनी खातून (पिता मो. ग्यास उद्दीन) गुरुवार सुबह करीब 8:00 बजे अपनी बहन के साथ घर में सोई हुई थी. इसी दौरान पड़ोस का ही एक युवक मो. कासिफ (पिता मो. मोईम) हाथ में बंदूक लेकर घर में दाखिल हुआ और चांदनी की छाती के दाहिने हिस्से में गोली मार दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
अस्पताल में चीख-पुकार, शादी की चल रही थी तैयारी
गोली चलने की आवाज और चांदनी की बहन के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे. आनन-फानन में किशोरी को अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि मृतका के पिता ट्रक चालक हैं और वर्तमान में मुंबई में हैं. चांदनी तीन बहनों और दो भाइयों में दूसरे नंबर पर थी और इसी महीने उसकी शादी होने वाली थी. जिस घर में शादी की शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा है.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना के सहायक अवर निरीक्षक आशुतोष कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
