Royal Enfield ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक बाइक Flying Flea C6 की डिलीवरी शुरू कर दी है. फिलहाल यह बाइक बेंगलुरु के ग्राहकों को दी जा रही है, जबकि आने वाले समय में इसे देश के अन्य शहरों में भी उपलब्ध कराया जाएगा. कंपनी ने इस इलेक्ट्रिक बाइक को इसी साल अपने नए इलेक्ट्रिक ब्रांड Flying Flea के तहत लॉन्च किया था. Flying Flea C6 के जरिए Royal Enfield ने पहली बार इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में एंट्री की है.
कीमत और कलर ऑप्शन
Flying Flea C6 को दो कलर Storm Black और Flea Green ऑप्शन में पेश किया गया है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 2.79 लाख रुपये रखी गई है. वहीं, ग्राहक Battery-as-a-Service (BaaS) मॉडल का ऑप्शन चुनकर इसे 1.99 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर भी खरीद सकते हैं.
ग्राहकों के लिए तैयार किया गया खास सर्विस नेटवर्क
बेंगलुरु में डिलीवरी शुरू करने के साथ ही कंपनी ने Flying Flea ग्राहकों के लिए एक खास सर्विस और ओनरशिप इकोसिस्टम भी तैयार किया है. इसके तहत हब-एंड-स्पोक मॉडल पर बेस्ड सर्विस नेटवर्क बनाया गया है, जिससे ग्राहकों को शहरभर में आसान सर्विस सपोर्ट मिल सके. BTM Layout में एक मुख्य सर्विस सेंटर बनाया गया है, जहां तकनीकी और बड़े रिपेयर से जुड़े काम किए जाएंगे. वहीं, रेगुलर सर्विस और मेंटेनेंस के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में स्पोक सेंटर बनाए गए हैं.
Royal Enfield नेटवर्क का भी मिलेगा फायदा
कंपनी ने Flying Flea के लिए अलग से बड़ा नेटवर्क खड़ा करने की बजाय Royal Enfield के मौजूदा शोरूम और सर्विस सेंटर नेटवर्क का इस्तेमाल किया है. शॉप-इन-शॉप मॉडल के जरिए ग्राहक चुनिंदा Royal Enfield डीलरशिप पर Flying Flea की बिक्री और सर्विस सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे.
24×7 रोडसाइड असिस्टेंस की सुविधा
Flying Flea C6 खरीदने वाले सभी ग्राहकों को 24×7 रोडसाइड असिस्टेंस सुविधा भी दी जा रही है. कंपनी का कहना है कि इससे किसी भी इमरजेंसी स्थिति में राइडर्स को तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
एक चार्ज में मिलेगी 154 किमी तक की रेंज
Royal Enfield Flying Flea C6 में 3.91 kWh का बैटरी पैक दिया गया है, जो एक इलेक्ट्रिक मोटर के साथ आता है. यह मोटर 15.4 kW की पीक पावर जेनरेट करती है. कंपनी के अनुसार, यह इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल एक बार फुल चार्ज होने पर IDC सर्टिफाइड 154 किलोमीटर तक की रेंज दे सकता है. चार्जिंग के लिए इसमें Rapid, Standard और Trickle जैसे कई चार्जिंग मोड्स उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे अलग-अलग जरूरतों के अनुसार बैटरी को चार्ज किया जा सकता है.
फीचर्स की लंबी लिस्ट
Flying Flea C6 को नियो-रेट्रो डिजाइन के साथ पेश किया गया है, जिसमें क्लासिक Flying Flea मोटरसाइकिलों की झलक देखने को मिलती है. फीचर्स की बात करें, तो इसमें TFT इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले, Bluetooth और 4G कनेक्टिविटी, ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट, ट्रैक्शन कंट्रोल, लीन-एंगल ABS, क्रूज कंट्रोल, नेविगेशन सपोर्ट और रीजनरेटिव ब्रेकिंग जैसे एडवांस्ड फीचर्स दिए गए हैं. Royal Enfield की यह नई इलेक्ट्रिक बाइक पारंपरिक डिजाइन और एडवांस्ड तकनीक का शानदार कॉम्बिनेशन पेश करती है. कंपनी आने वाले महीनों में इसे देश के अन्य प्रमुख शहरों में भी लॉन्च करने की तैयारी कर रही है.
यह भी पढ़ें: Hero Splendor में है, लेकिन R15 में नहीं! आखिर क्यों खत्म हो रहा है किक स्टार्ट का दौर?
