भारतीय कार बाजार में एक और बड़ी एंट्री की आहट सुनाई दे रही है. दमदार इंजन, जबरदस्त साइज और हाई-एंड फीचर्स के साथ दुनियाभर में मशहूर Nissan Patrol अब भारत में लॉन्च हो सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक Nissan इस फ्लैगशिप SUV को भारतीय बाजार में लाने की संभावनाएं तलाश रही है.
भारत में एंट्री की तैयारी, CBU रूट से आएगी SUV
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार Nissan Patrol को भारत में CBU (कम्पलीट बिल्ट यूनिट) रूट से लाया जा सकता है. इसका मतलब है कि यह SUV पूरी तरह तैयार अवस्था में विदेश से इंपोर्ट होकर आएगी.
भारत में हर साल सीमित संख्या (करीब 2,500 यूनिट) में इस तरह की गाड़ियों को बिना अतिरिक्त होमोलोगेशन के लाने की अनुमति होती है, और Nissan इसी विकल्प पर विचार कर रही है.
ग्लोबल मार्केट में जबरदस्त डिमांड
Nissan Patrol कोई नई SUV नहीं है, बल्कि यह लगभग 75 साल पुराना नाम है और दुनियाभर में इसकी मजबूत पहचान है. खासकर मिडिल ईस्ट जैसे बाजारों में इसकी जबरदस्त मांग है.
यह Nissan की फ्लैगशिप SUV मानी जाती है और ऑफ-रोडिंग के साथ लग्जरी का बेहतरीन कॉम्बिनेशन देती है.
दमदार इंजन और पावरफुल परफॉर्मेंस
इस SUV की सबसे बड़ी ताकत इसका इंजन है. Patrol में 5.6-लीटर V8 पेट्रोल इंजन मिलता है, जो करीब 405hp की पावर और 560Nm का टॉर्क जेनरेट करता है.
इसके अलावा कुछ ग्लोबल बाजारों में इसका 4.0-लीटर V6 इंजन वेरिएंट भी उपलब्ध है, जो थोड़ा किफायती ऑप्शन माना जाता है.
साइज में बड़ी, फीचर्स में फुल-लोडेड
Nissan Patrol एक फुल-साइज SUV है, जिसकी लंबाई 5 मीटर से ज्यादा है. इसमें बड़ा व्हीलबेस और ऊंचा ग्राउंड क्लीयरेंस मिलता है, जो इसे ऑफ-रोडिंग के लिए बेहद सक्षम बनाता है.
फीचर्स की बात करें तो इसमें प्रीमियम इंटीरियर, सेकेंड रो के लिए स्क्रीन, बड़ा फ्यूल टैंक (140 लीटर) और कई लग्जरी टच मिलते हैं, जो इसे हाई-एंड SUV बनाते हैं.
सेफ्टी फीचर्स में भी दम
सेफ्टी के मामले में भी Patrol काफी मजबूत है. इसमें हिल डिसेंट कंट्रोल, लेन डिपार्चर वार्निंग, ब्लाइंड स्पॉट डिटेक्शन, मल्टीपल एयरबैग्स और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे फीचर्स दिये गए हैं.
यानी यह SUV सिर्फ पावरफुल ही नहीं, बल्कि सुरक्षित भी मानी जाती है.
क्या भारत में बनेगी गेम चेंजर?
अगर Nissan Patrol भारत में लॉन्च होती है, तो यह सीधे फुल-साइज SUV सेगमेंट में बड़ी कंपनियों को चुनौती दे सकती है. हालांकि, CBU रूट के चलते इसकी कीमत काफी ज्यादा रहने की संभावना है.
फिलहाल कंपनी ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन डीलर लेवल पर इसे लेकर उत्साह जरूर देखने को मिल रहा है.
यह भी पढ़ें: VinFast VF MPV 7: भारत में नई इलेक्ट्रिक 7-सीटर MPV क्यों है खास? जानिए 5 बड़े कारण
यह भी पढ़ें: सिंगल चार्ज में 926Km चलेगी Mercedes-Benz की नयी गाड़ी, मिलेंगे हाईटेक फीचर्स
