अगर आप ₹50 लाख के बजट में एक प्रीमियम 7-सीटर SUV खरीदने की सोच रहे हैं, तो Toyota Fortuner के अलावा भी बाजार में कई शानदार ऑपशंस मौजूद हैं. इनमें MG Majestor और Skoda Kodiaq सबसे ज्यादा चर्चे में हैं. दोनों SUVs दमदार इंजन, प्रीमियम फीचर्स और शानदार रोड प्रजेंस के साथ आती हैं. ऐसे में अगर आप इन दोनों में से किसी एक को चुनना चाहते हैं, तो यहां कीमत, इंजन, फीचर्स और साइज के आधार पर जानिए कौन सा आपके लिए बेहतर है.
MG Majestor vs Skoda Kodiaq: इंजन और परफॉर्मेंस
MG Majestor में 2.0-लीटर ट्विन-टर्बो डीजल इंजन दिया गया है, जो 212.55bhp की पावर और 478.5Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. इसके साथ 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलता है. ऑफ-रोडिंग पसंद करने वालों के लिए यह SUV काफी दमदार साबित हो सकती है, क्योंकि इसमें 4WD (फोर-व्हील ड्राइव), अलग-अलग टेरेन मोड्स, तीन डिफरेंशियल लॉक और लो-रेंज ट्रांसफर केस जैसे फीचर्स दिए गए हैं.
दूसरी ओर, Skoda Kodiaq में 2.0-लीटर TSI टर्बो पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 201.1bhp की पावर और 320Nm का टॉर्क देता है. इसमें 7-स्पीड DSG ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है. यह SUV ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) सिस्टम के साथ आती है, जिससे अलग-अलग तरह की सड़कों पर बेहतर ग्रिप और ड्राइविंग एक्सपीरियंस मिलता है.
MG Majestor vs Skoda Kodiaq: कौन है साइज में बड़ा?
अगर साइज की बात करें, तो MG Majestor दोनों में बड़ी SUV है. MG Majestor की लंबाई 5,046mm, चौड़ाई 2,016mm, ऊंचाई 1,870mm और व्हीलबेस 2,950mm है. वहीं, Skoda Kodiaq के डायमेंशन की बात करें, तो इसकी लंबाई 4,758mm, चौड़ाई 1,864mm, ऊंचाई 1,679mm और व्हीलबेस 2,791mm है. ऐसे में बड़े आकार की वजह से MG Majestor में केबिन स्पेस और रोड प्रजेंस दोनों ज्यादा देखने को मिलते हैं.
MG Majestor vs Skoda Kodiaq: फीचर्स में कौन आगे?
MG Majestor में कई प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं. इसमें मल्टी-मोड मसाज फ्रंट सीट्स, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, 12-वे पावर एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, 8-वे पावर को-ड्राइवर सीट, पैनोरमिक सनरूफ, 12-स्पीकर JBL साउंड सिस्टम, 64-कलर एम्बिएंट लाइटिंग, तीन-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, दूसरी रो के लिए 220V पावर आउटलेट, पावर्ड टेलगेट, 12.3-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 12.3-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, डुअल वायरलेस फोन चार्जर, रिवर्स कैमरा और पार्किंग सेंसर जैसे फीचर्स मिलते हैं.
Skoda Kodiaq भी फीचर्स के मामले में किसी से कम नहीं है. इसमें वेंटिलेटेड और मसाज फ्रंट सीट्स, लेदरेट अपहोल्स्ट्री, 12.9-इंच इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.42-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, तीन-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, पैनोरमिक सनरूफ, डुअल वायरलेस चार्जर, डुअल ग्लव बॉक्स और 13-स्पीकर Canton साउंड सिस्टम जैसे फीचर्स दिए गए हैं.
MG Majestor vs Skoda Kodiaq: कीमत
कीमत की बात करें तो MG Majestor के टॉप वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत ₹44.99 लाख है. वहीं Skoda Kodiaq के टॉप वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत ₹46.99 लाख रखी गई है.
कौन-सी SUV खरीदना बेहतर ऑप्शन?
अगर आपकी प्रायोरिटी डीजल इंजन, दमदार ऑफ-रोडिंग कैपेसिटी, बड़ा आकार और थोड़ा कम बजट है, तो MG Majestor बेहतर ऑप्शन साबित हो सकती है. हालांकि अगर आप पेट्रोल इंजन, शानदार ड्राइविंग एक्सपीरियंस, यूरोपीय बिल्ड क्वालिटी और प्रीमियम केबिन चाहते हैं, तो Skoda Kodiaq आपके लिए बेहतर चुनाव हो सकती है. दोनों SUVs अपने-अपने सेगमेंट में मजबूत दावेदार हैं और Toyota Fortuner के ऑप्शन के रूप में इन्हें जरूर देखा जा सकता है.
ये भी पढ़ें: क्या Honda ZR-V है आपके लिए सही हाइब्रिड SUV? जानें इसके 3 फायदे और 3 नुकसान
