जर्मनी की पॉपुलर ऑटो कंपनी Mercedes-Benz India ने अपनी प्रीमियम MPV Mercedes-Benz V-Class को भारतीय बाजार में दोबारा लॉन्च कर दिया है. यह मॉडल 2019 से 2022 के बीच बेची गई V-Class का फेसलिफ्ट वर्जन है, जिसमें एक्सटीरियर और इंटीरियर दोनों में बड़े बदलाव किए गए हैं. साथ ही अब इसमें पेट्रोल इंजन का ऑप्शन भी दिया गया है. कंपनी ने इसकी शुरुआती कीमत 1.40 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) रखी है. कंपनी ने बताया है कि इस नए मॉडल की डिलीवरी मार्च एंड तक शुरू हो जाएगी और मौजूदा Mercedes कार मालिकों को प्रायोरिटी दी जाएगी.
एक्सटीरियर: लंबी व्हीलबेस और AMG स्टाइल
नई V-Class भारत में 3.4 मीटर एक्स्ट्रा-लॉन्ग व्हीलबेस वर्जन में अवेलेबल है, जो देश में बिकने वाली किसी भी Mercedes कार से सबसे लंबी है. इसमें स्टैंडर्ड AMG Line स्टाइलिंग दी गई है, जिसके तहत फ्रंट में थ्री-पॉइंटेड स्टार पैटर्न वाली ग्रिल, मल्टी-बीम LED हेडलैंप्स और स्पोर्टी बंपर मिलता है. साइड प्रोफाइल में स्लाइडिंग इलेक्ट्रिक डोर्स दिए गए हैं, जो सिर्फ हैंडल खींचने से खुलते और बंद हो जाते हैं. भारत-स्पेक मॉडल में 18-इंच ड्यूल-टोन अलॉय व्हील्स मिलते हैं, जो इसके बड़े साइज के साथ बैलेंस्ड लुक देते हैं.
पीछे की तरफ इलेक्ट्रिक टेलगेट दिया गया है, जबकि इसकी ग्लास विंडो अलग से खुल सकती है, जिससे छोटे बैग या ग्रॉसरी रखने में आसानी होती है. यह फीचर रोजमर्रा के इस्तेमाल को और सुविधाजनक बनाता है. कलर ऑप्शन कि बात करें, तो इसे Obsidian Black, High-tech Silver, Alpine Grey, Sodalite Blue और Crystal White जैसे प्रीमियम कलर्स में पेश किया गया है, जो इसकी लग्जरी अपील को और निखारते हैं.
इंटीरियर और फीचर्स: लग्जरी का एक्सपीरियंस
नई V-Class के कैबिन में ब्लैक और बेज लेदर अपहोल्स्ट्री का प्रीमियम ऑप्शन मिलता है, जो अंदर बैठते ही लग्जरी का एहसास कराता है. 4-सीटर वर्जन खास तौर पर शॉफर-ड्रिवन ग्राहकों के लिए तैयार किया गया है, जिसमें पीछे दो शानदार कैप्टन सीट्स दी गई हैं. इन सीट्स में एक्सटेंडेबल लेग सपोर्ट, कूलिंग, हीटिंग और मसाज फंक्शन जैसी सुविधाएं मिलती हैं. वहीं 6-सीटर कॉन्फिगरेशन में मिडिल रो सीट्स के दो लेआउट ऑप्शन हैं, आमने-सामने बैठने वाला या ट्रेडिशनल फॉरवर्ड-फेसिंग सेटअप.
सफर को और आरामदायक बनाने के लिए इसमें स्टैंडर्ड Airmatic एयर सस्पेंशन दिया गया है, जिसे भारतीय सड़कों के मुताबिक ट्यून किया गया है. एंटरटेनमेंट के लिए 650W का 15-स्पीकर Burmester ऑडियो सिस्टम Dolby Atmos सपोर्ट के साथ मिलता है. हालांकि, इसमें सनरूफ नहीं दी गई है और खिड़कियां भी नहीं खुलतीं. आगे की सीट्स पावर्ड और वेंटिलेटेड हैं, जबकि 12.3-इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और 12.3-इंच का टचस्क्रीन सिस्टम वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay सपोर्ट के साथ एडवांस्ड टेक्नोलॉजी का एक्सपीरियंस देता है.
सेफ्टी: 5-स्टार रेटिंग
सुरक्षा के लिए V-Class में ड्राइवर मॉनिटरिंग सिस्टम, 7 एयरबैग, ISOFIX एंकर्स, 360-डिग्री कैमरा, अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम और हिल-स्टार्ट असिस्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं. इसे Euro NCAP क्रैश टेस्ट में 5-स्टार रेटिंग मिली है.
इंजन और परफॉर्मेंस
नई V-Class दो वेरिएंट V300 d डीजल और V300 पेट्रोल में अवेलेबल है. डीजल वर्जन में 2.0 लीटर, 4-सिलेंडर टर्बो इंजन मिलता है, जो 237hp की पावर जेनरेट करता है. वहीं, पेट्रोल वेरिएंट में 2.0 लीटर इंजन दिया गया है, जो 231hp की ताकत देता है और इसमें माइल्ड-हाइब्रिड टेक्नोलॉजी का सपोर्ट भी मिलता है, जिससे परफॉर्मेंस और एफिशिएंसी दोनों बेहतर होती है.
दोनों इंजन 9-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जुड़े हैं, जो स्मूद और रिफाइंड ड्राइविंग एक्सपीरियंस कन्फर्म करते हैं. कंपनी इस लग्जरी वैन के साथ तीन साल की स्टैंडर्ड वारंटी दे रही है, जबकि 90,000 रुपये से शुरू होने वाले क्यूरेटेड सर्विस पैकेज का ऑप्शन भी ग्राहकों को दिया गया है.
यह भी पढ़ें: Mahindra XEV 9e Cineluxe Edition: ₹29.35 लाख में मिलेगा स्टाइल और परफॉर्मेंस का पैकेज
