ऑफ-रोड एसयूवी पसंद करने वालों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. जगुआर लैंड रोवर (JLR) ने अपनी बहुप्रतीक्षित ‘बेबी डिफेंडर’ को लेकर अहम जानकारी साझा की है. लंबे समय से माना जा रहा था कि यह नई एसयूवी सिर्फ इलेक्ट्रिक पावरट्रेन में आएगी, लेकिन अब कंपनी ने साफ कर दिया है कि इसे हाइब्रिड ऑप्शन के साथ भी पेश किया जाएगा. यानी ग्राहकों को अपनी जरूरत और बाजार के हिसाब से दोनों विकल्प मिलेंगे. माना जा रहा है कि यह नई एसयूवी 2027 में दस्तक दे सकती है और डिफेंडर ब्रैंड को नए खरीदारों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी.
सिर्फ इलेक्ट्रिक नहीं, हाइब्रिड इंजन का भी मिलेगा विकल्प
जगुआर लैंड रोवर ने पुष्टि की है कि अपकमिंग बेबी डिफेंडर, जिसे फिलहाल डिफेंडर स्पोर्ट नाम से भी देखा जा रहा है, केवल इलेक्ट्रिक मॉडल नहीं होगी. इसमें हाइब्रिड पावरट्रेन का विकल्प भी मिलेगा. कंपनी का मानना है कि दुनिया के हर बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की स्थिति एक जैसी नहीं है. ऐसे में ग्राहकों को अलग-अलग पावरट्रेन का विकल्प देना ज्यादा व्यावहारिक रहेगा.
नए EMA प्लैटफॉर्म पर तैयार होगी SUV
नई बेबी डिफेंडर को JLR के इलेक्ट्रिफाइड मॉड्यूलर आर्किटेक्चर (EMA) प्लैटफॉर्म पर विकसित किया जाएगा. यही प्लैटफॉर्म भविष्य की कई इलेक्ट्रिफाइड गाड़ियों का आधार बनेगा. पहले माना जा रहा था कि यह प्लैटफॉर्म केवल इलेक्ट्रिक मॉडल के लिए होगा, लेकिन अब इसमें हाइब्रिड तकनीक को भी शामिल किया गया है. इससे कंपनी को अलग-अलग बाजारों के हिसाब से मॉडल पेश करने में आसानी होगी.
छोटी होगी, लेकिन ऑफ-रोड क्षमता में नहीं करेगी समझौता
बेबी डिफेंडर की लंबाई करीब 4.5 मीटर रहने की संभावना है. यह मौजूदा डिफेंडर से छोटी होगी, लेकिन कंपनी का दावा है कि इसकी ऑफ-रोड क्षमता डिफेंडर की पहचान के अनुरूप ही होगी. बैटरी पैक की वजह से कुछ तकनीकी चुनौतियां जरूर रहेंगी, लेकिन इंजीनियरिंग टीम इसे अपने सेगमेंट की सबसे सक्षम ऑफ-रोड एसयूवी बनाने पर काम कर रही है.
कंपनी का फोकस ऐसा मॉडल तैयार करने पर है जो कठिन रास्तों पर भी बेहतरीन प्रदर्शन करे और डिफेंडर की मजबूत छवि को बरकरार रखे.
डिजाइन में मिलेगा डिफेंडर वाला दमदार लुक
नई एसयूवी में डिफेंडर का बॉक्सी और अपराइट डिजाइन बरकरार रखा जाएगा. हालांकि इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड मॉडल में बेहतर एयरोडायनामिक्स भी जरूरी होंगे. ऐसे में डिजाइन टीम के सामने चुनौती होगी कि दमदार लुक और बेहतर रेंज के बीच सही संतुलन बनाया जाए.
कंपनी का कहना है कि डिफेंडर की पहचान से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और इसे बाकी मिडसाइज एसयूवी से अलग बनाने पर पूरा ध्यान रहेगा.
2027 में लॉन्च की उम्मीद, नए ग्राहकों को करेगी टारगेट
हालांकि JLR ने लॉन्च डेट और आधिकारिक नाम की पुष्टि नहीं की है, लेकिन ऑटो इंडस्ट्री में माना जा रहा है कि बेबी डिफेंडर 2027 के दौरान बाजार में आ सकती है. यह मॉडल उन ग्राहकों को भी आकर्षित करेगी जो डिफेंडर जैसी प्रीमियम ऑफ-रोड एसयूवी चाहते हैं, लेकिन अपेक्षाकृत छोटे आकार और आधुनिक पावरट्रेन के साथ.
हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक दोनों विकल्पों के साथ आने वाली यह एसयूवी उन देशों में भी बेहतर विकल्प बन सकती है, जहां चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर अभी तेजी से विकसित हो रहा है.
ये भी पढ़ें: ₹16 लाख की रेंज में बेस्ट 7-सीटर SUV, बड़ी फैमिली के लिए शानदार ऑप्शंस
ये भी पढ़ें: टाटा सफारी से अपग्रेड करना चाहते हैं? ऑफ-रोडिंग से लेकर लग्जरी तक फील देंगे ये 5 SUV
