Honda SP125 125cc बाइक की दुनिया में काफी समय से लोगों की पसंद बनी हुई है. Honda ने इसे इस तरह बनाया है कि यह रोजाना ऑफिस, बाजार या दूसरे कामों के लिए आराम से चलाई जा सके और बाइक चलाते समय ज्यादा बोरियत भी न हो. SP125 को कंपनी दो वेरिएंट, STD और DLX में बेचती है. दोनों मॉडल में बहुत ज्यादा फर्क नहीं है, लेकिन कुछ जगहों पर इनके फीचर्स और चलाने के तरीके में थोड़ा अंतर देखने को मिलता है. आइए जरा डिटेल में जानते हैं.
SP125 के दोनों वेरिएंट में क्या है अलग?
| फीचर | STD | DLX |
| कीमत (एक्स-शोरूम, दिल्ली) | ₹89,748 | ₹97,335 |
| मीटर कंसोल | फुली डिजिटल | TFT |
| फ्रंट ब्रेक | ड्रम, 130mm | डिस्क, 240mm |
| कर्ब वेट | 116 किग्रा | 117 किग्रा |
स्टैंडर्ड वेरिएंट में आगे की तरफ ड्रम ब्रेक मिलता है. रोजमर्रा की कम स्पीड वाली सवारी के लिए यह ठीक काम करता है. लेकिन अगर बात बेहतर ब्रेकिंग और कम दूरी में गाड़ी रोकने की हो, तो डिस्क ब्रेक ज्यादा असरदार रहता है. DLX वेरिएंट में यही डिस्क ब्रेक दिया गया है और दोनों वेरिएंट के बीच यही सबसे बड़ा और काम का बदलाव नजर आता है.
कंसोल की बात करें तो दोनों वेरिएंट में ज्यादा बड़ा फर्क नहीं है. STD वेरिएंट में फुली डिजिटल डिस्प्ले मिलती है, जिस पर बाइक से जुड़ी जरूरी जानकारी आसानी से देख सकते हैं. वहीं, DLX वेरिएंट में TFT स्क्रीन दी गई है. यह देखने में ज्यादा अच्छी और मॉडर्न लगती है, जिससे बाइक भी थोड़ी ज्यादा प्रीमियम फील होती है.
SP125 के दोनों वेरिएंट में क्या है समान?
SP125 के दोनों वेरिएंट्स में बाकी चीजें लगभग एक जैसी ही मिलती हैं. दोनों में 123.94cc का इंजन और 5-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है, इसलिए परफॉर्मेंस के मामले में कोई खास अंतर देखने को नहीं मिलेगा. सस्पेंशन और टायर का साइज भी दोनों वेरिएंट्स में समान है, जबकि रियर में 130mm का ड्रम ब्रेक मिलता है.
डायमेंशन की बात करें तो दोनों मॉडल एक जैसे हैं, बस कर्ब वेट में 1kg का मामूली अंतर है. दोनों में 12V 5.0Ah बैटरी, LED हेडलैंप और पांच कलर ऑप्शन मिलते हैं. यानी फीचर्स और मैकेनिकल सेटअप के मामले में दोनों वेरिएंट काफी हद तक एक जैसे ही हैं.
आपके लिए कौन सा वेरिएंट सही रहेगा?
अगर आप बाइक को ज्यादातर शहर के धीमे ट्रैफिक में चलाते हैं और अचानक ब्रेक लगाने की जरूरत कम पड़ती है, तो STD वेरिएंट आपके लिए ठीक रहेगा. इसमें रोजमर्रा की जरूरत के हिसाब से जरूरी चीजें मिल जाती हैं और इसकी कीमत भी कम है.
वहीं, DLX वेरिएंट में डिस्क ब्रेक मिलता है, जो अचानक ब्रेक लगाने पर बाइक को ज्यादा आसानी से रोकने में मदद करता है. इसके लिए आपको करीब 7,500 रुपये ज्यादा खर्च करने होंगे. अगर बजट थोड़ा बढ़ा सकते हैं, तो DLX लेना ज्यादा बेहतर रहेगा. इसमें TFT स्क्रीन भी मिलती है, जो एक एक्स्ट्रा फीचर है. हालांकि, DLX लेने की सबसे बड़ी वजह इसका डिस्क ब्रेक ही है.
ये भी पढ़ें: ₹62,405 वाली TVS Radeon की वो 5 खासियतें, जो उसे बनाती हैं रोजाना अप-डाउन के लिए परफेक्ट
