Ather Energy के CEO तरुण मेहता ने कंपनी के आने वाले EL प्लेटफॉर्म पर बेस्ड इलेक्ट्रिक स्कूटर की फोटो शेयर की है. यह स्कूटर अभी फैक्ट्री की असेंबली लाइन पर तैयार हो रहा है. इस फोटो से लोगों को लॉन्च से पहले इसकी पहली झलक देखने को मिली है. कंपनी इस स्कूटर की पूरी जानकारी 29 अगस्त 2026 को होने वाले Ather Community Day में देगी और उसी दिन इसे लॉन्च भी करेगी.
Ather के नए स्कूटर का डिजाइन
तरुण मेहता की ओर से शेयर की गई असेंबली लाइन की फोटो में Ather का नया प्रोडक्शन स्कूटर काफी हद तक EL01 कॉन्सेप्ट जैसा नजर आता है. इसमें हैंडलबार पर लगा हेडलाइट और फ्रंट एप्रन पर चौड़ी LED DRL दी गई है. इतना ही नहीं, इसका ओवरऑल डिजाइन भी पिछले साल Ather की ओर से फाइल किए गए डिजाइन पेटेंट से काफी मिलता-जुलता दिखाई देता है.
सबसे खास बात यह है कि इस स्कूटर में मेटल बॉडी देखने को मिल सकती है. अगर ऐसा होता है, तो यह Ather के मौजूदा स्कूटर्स से बिल्कुल अलग होगा. ऐसा इसलिए क्योंकि कंपनी अब तक अपने सभी मॉडल्स में पॉलिमर बॉडी पैनल का यूज करती आई है.
फोटो में दिखे बड़े व्हील्स और नए प्लेटफॉर्म
फोटो में स्कूटर के पहिए भी साफ नजर आ रहे हैं. इसमें आगे 14-इंच का बड़ा व्हील दिया गया है, जबकि पीछे 12-इंच का व्हील देखने को मिल रहा है. Ather ने Community Day 2025 में बताया था कि उसके नए EL प्लेटफॉर्म को 26 लाख किलोमीटर से ज्यादा की रियल रोड टेस्टिंग के बेस्ड पर तैयार किया गया है. कंपनी का कहना है कि यह प्लेटफॉर्म इतना लचीला है कि इसी पर अलग-अलग साइज और जरूरतों के हिसाब से कई तरह के इलेक्ट्रिक स्कूटर बनाए जा सकते हैं.
इतना ही नहीं, यह प्लेटफॉर्म 2kWh से 5kWh तक की बैटरी को सपोर्ट करेगा. इसके साथ साइलेंट गियर-ड्राइव मोटर, ऑन-बोर्ड चार्जर और लंबे सर्विस इंटरवल जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी.
कितनी हो सकती है कीमत?
Ather का यह नया स्कूटर करीब 1 लाख रुपये से 1.25 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत में लॉन्च हो सकता है. फिलहाल Ather Rizta की शुरुआती कीमत 1.21 लाख रुपये है, जबकि Ather 450 सीरीज 1.28 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है. लेकिन नया EL01 इन दोनों से नीचे की रेंज में आ सकता है.
ये भी पढ़ें: Hero ने लॉन्च किया Vida VX2 GO FB, 128km रेंज और फिक्स्ड बैटरी के साथ मिलेगा नया ऑप्शन
