Ather का सबसे सस्ता EV स्कूटर EL01 टेस्टिंग में हुआ स्पॉट, जानिए क्या है खास

Ather का नया EL01 इलेक्ट्रिक स्कूटर टेस्टिंग में दिखा. 120-160km रेंज, बड़े व्हील और स्मार्ट फीचर्स के साथ यह बजट EV सेगमेंट में बड़ा बदलाव ला सकता है. कीमत 1-1.3 लाख के बीच.

इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मार्केट में तेजी से बढ़ रही प्रतिस्पर्धा के बीच Ather Energy अब एक बड़ा दांव खेलने की तैयारी में है. कंपनी का नया किफायती इलेक्ट्रिक स्कूटर EL01 पहली बार टेस्टिंग के दौरान सड़कों पर देखा गया है. खास बात यह है कि यह मॉडल Ather का अब तक का सबसे सस्ता स्कूटर हो सकता है, जिससे सीधे बजट सेगमेंट में हलचल मचने वाली है.

Ather EL01: पहली झलक में क्या दिखा खास?

टेस्टिंग के दौरान दिखा EL01 पूरी तरह कवर था, लेकिन डिजाइन की कुछ झलकियां साफ नजर आईं. स्कूटर का लुक काफी हद तक उस कॉन्सेप्ट मॉडल जैसा ही लग रहा है जिसे 2025 में दिखाया गया था.

फ्रंट में चौड़ा LED DRL स्ट्रिप और हैंडलबार माउंटेड हेडलाइट इसे मॉडर्न लुक देती है. साथ ही उम्मीद है कि इसमें इल्यूमिनेटेड लोगो भी मिल सकता है.

सबसे बड़ा बदलाव इसके व्हील सेटअप में दिखा. फ्रंट में 14-इंच का बड़ा व्हील दिया गया है, जो इस सेगमेंट में बेहतर स्टेबिलिटी और खराब सड़कों पर स्मूद राइड देने में मदद करेगा.

नया प्लैटफॉर्म, सस्ती कीमत का गेम प्लान

EL01 को कंपनी के नए EL प्लैटफॉर्म पर तैयार किया जा रहा है. यह प्लैटफॉर्म खासतौर पर लागत कम रखने के लिए डिजाइन किया गया है.

जहां Ather Energy के पुराने स्कूटर एल्यूमिनियम फ्रेम पर आधारित थे, वहीं इस बार स्टील यूनिबॉडी फ्रेम इस्तेमाल किया गया है. इससे लागत कम होगी, जबकि वजन को भी संतुलित रखा गया है.

इसका व्हीलबेस करीब 1300mm हो सकता है, जिससे राइड क्वालिटी और स्टेबिलिटी बेहतर होगी. हालांकि अंडरसीट स्टोरेज थोड़ा कम मिलने की संभावना है.

बैटरी, रेंज और परफॉर्मेंस

EL01 को सिटी यूज के हिसाब से डिजाइन किया गया है. इसमें डायरेक्ट-ड्राइव मोटर मिलने की उम्मीद है, जो कम मैकेनिकल जटिलता के साथ स्मूद और साइलेंट राइड देता है.

बैटरी ऑप्शन 2kWh से 4kWh के बीच हो सकते हैं. रेंज की बात करें तो यह स्कूटर करीब 120 से 160 किलोमीटर तक चल सकता है, जो डेली कम्यूट के लिए काफी है.

टॉप स्पीड 70 से 80 kmph के आसपास रहने की उम्मीद है, यानी यह परफॉर्मेंस और एफिशिएंसी के बीच बैलेंस बनाए रखेगा.

फीचर्स में भी नहीं होगी कमी

कम कीमत के बावजूद फीचर्स में कोई बड़ी कटौती नहीं दिख रही. EL01 में 7-इंच TFT टचस्क्रीन, कनेक्टेड टेक्नोलॉजी और वॉइस कमांड जैसे फीचर्स मिल सकते हैं.

यह स्कूटर लेटेस्ट AtherStack 7.0 सॉफ्टवेयर पर चलेगा. साथ ही इसमें इनबिल्ट चार्जर दिया जाएगा, जिससे अलग से चार्जर ले जाने की जरूरत नहीं होगी.

सेफ्टी के लिए एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकिंग सिस्टम (AEBS) भी मिल सकता है, जो इस सेगमेंट में बड़ा अपडेट माना जाएगा.

कीमत और लॉन्च टाइमलाइन

Ather Energy EL01 को 2026 की दूसरी छमाही में लॉन्च कर सकती है. संभावना है कि इसे अगस्त में कंपनी के कम्युनिटी इवेंट के दौरान पेश किया जाए.

कीमत की बात करें तो यह स्कूटर लगभग 1 लाख से 1.30 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच आ सकता है. यानी यह सीधे बजट EV खरीदारों को टारगेट करेगा, लेकिन 1 लाख से नीचे कीमत नहीं रखी जाएगी.

यह भी पढ़ें: भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की बिक्री तेज, हर 10 में से 1 EV खरीदार

यह भी पढ़ें: BaaS मॉडल के साथ भारत में मिलने वाले टॉप 5 वैल्यू इलेक्ट्रिक स्कूटर्स

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajeev Kumar

राजीव, 14 वर्षों से मल्टीमीडिया जर्नलिज्म में एक्टिव हैं. टेक्नोलॉजी में खास इंटरेस्ट है. इन्होंने एआई, एमएल, आईओटी, टेलीकॉम, गैजेट्स, सहित तकनीक की बदलती दुनिया को नजदीक से देखा, समझा और यूजर्स के लिए उसे आसान भाषा में पेश किया है. वर्तमान में ये टेक-मैटर्स पर रिपोर्ट, रिव्यू, एनालिसिस और एक्सप्लेनर लिखते हैं. ये किसी भी विषय की गहराई में जाकर उसकी परतें उधेड़ने का हुनर रखते हैं. इनकी कलम का संतुलन, कंटेंट को एसईओ फ्रेंडली बनाता और पाठकों के दिलों में उतारता है. जुड़िए rajeev.kumar@prabhatkhabar.in पर

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >