अगर आप नई कार खरीदने की सोच रहे हैं, तो अब सिर्फ अच्छा माइलेज और फीचर्स ही नहीं, बल्कि कार के अंदर मिलने वाली साफ हवा भी जरूरी है. अच्छी बात यह है कि अब करीब 8 लाख रुपये से शुरू होने वाली कई कारों में कंपनी की तरफ से एयर प्यूरीफायर भी दिया जा रहा है. ये सिस्टम कार के क्लाइमेट कंट्रोल सिस्टम के साथ ही काम करता है और केबिन की हवा लगातार चेक करता रहता है. जैसे ही हवा की क्वालिटी खराब होती है, यह अपने आप उसे साफ करना शुरू कर देता है.
आइए जानते हैं भारत में मिलने वाली उन कारों के बारे में, जिनमें कंपनी की तरफ से फैक्ट्री-फिटेड एयर प्यूरीफायर मिलता है.
Tata Punch
भारत में फैक्ट्री-फिटेड एयर प्यूरीफायर के साथ आने वाली यह सबसे किफायती कार है. एंट्री-लेवल वेरिएंट में यह फीचर नहीं मिलता, लेकिन Adventure वेरिएंट से कंपनी एयर प्यूरीफायर देती है. यह शहर में रोजाना सफर के दौरान धूल और ट्रैफिक के धुएं को काफी हद तक फिल्टर करने में मदद करता है. इस वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 7.70 लाख रुपये से शुरू होती है.
Kia Sonet
Kia ने Sonet में एयर प्यूरीफायर को काफी स्मार्ट तरीके से फिट किया है. डैशबोर्ड पर अलग से बॉक्स लगाने के बजाय कंपनी ने Smart Pure Air Purifier को फ्रंट सेंटर आर्मरेस्ट के अंदर ही छिपाकर लगाया है. यह फीचर HTX वेरिएंट से मिलता है. इंजन ऑप्शन की बात करें तो Sonet में 1.2-लीटर पेट्रोल, दमदार 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल और 1.5-लीटर डीजल इंजन का ऑप्शन मिलता है. इस वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 11.51 लाख रुपये से शुरू होती है.
ये भी पढ़ें: Maruti Suzuki Ertiga से अपग्रेड करना चाहते हैं? ये 4 MPV आपके लिए बन सकती हैं परफेक्ट चॉइस
Tata Nexon
Nexon के Fearless Plus और उससे ऊपर के वेरिएंट्स में Tata ने एक्टिव कार्बन HEPA फिल्टर दिया है. इसे UV-C लाइट स्टेरिलाइजेशन के साथ यूज किया जा सकता है. आसान शब्दों में समझें तो यह सिस्टम कार के अंदर हवा को ज्यादा साफ रखने में मदद करता है. इतना ही नहीं, ये बैक्टीरिया और वायरस को फैलने से रोकने का काम करता है. इस वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 13.70 लाख रुपये से शुरू होती है.
Hyundai Venue
Hyundai ने Venue में Auto Healthy Air Purifier की सुविधा सिर्फ टॉप-एंड HX 10 वेरिएंट में दी है. इसकी खास बात यह है कि आपको इसे बार-बार चलाने की जरूरत नहीं पड़ती. यह सिस्टम अपने आप काम करता है और बाहर की हवा पर लगातार नजर रखता है. जैसे ही इसे हवा में धूल, धुआं या प्रदूषण का लेवल बढ़ता हुआ मिलता है, यह तुरंत फैन की स्पीड बढ़ा देता है. इस वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 14.65 लाख रुपये से शुरू होती है.
Hyundai Creta
Hyundai Creta में एयर प्यूरीफायर का फीचर ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल के साथ ही मिलता है. इसकी शुरुआत पॉपुलर SX वेरिएंट से होती है. इसे कंट्रोल करना भी बेहद आसान है, क्योंकि डैशबोर्ड पर दिए गए टच बटन से आप सभी सेटिंग्स बदल सकते हैं. खास बात यह है कि कंपनी ने इसमें इनबिल्ट केबिन परफ्यूम डिफ्यूजर भी दिया है, जो कार के अंदर हमेशा ताजगी भरी खुशबू बनाए रखता है. इस वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 15.04 लाख रुपये से शुरू होती है.
ये भी पढ़ें: बेड, किचन, शॉवर... टोयोटा के इस पिकअप ट्रक में है सबकुछ, होटल बुक करने की भी नहीं पड़ेगी जरूरत
