TVS Motor ने पुणे में एक ही दिन में 100 से ज्यादा TVS iQube MillionR Special Edition इलेक्ट्रिक स्कूटर कस्टमर्स को सौंपे. इसके लिए कंपनी ने 15 सितंबर 2026 को एक बड़ा डिलीवरी इवेंट रखा था. इस दौरान कंपनी ने इस स्पेशल एडिशन को मिल रहे अच्छे रिस्पॉन्स का जश्न भी मनाया. TVS iQube MillionR Special Edition को 25 अगस्त को लॉन्च किया गया था. इसे iQube स्कूटर की 10 लाख यूनिट भारतीय सड़कों पर पहुंचने की खुशी में पेश किया गया था. लॉन्च के बाद से ही लोग इस स्कूटर को पसंद कर रहे हैं.
नए रंग-रूप के साथ आया है iQube का स्पेशल एडिशन
यह स्पेशल एडिशन iQube के 3.5 kWh वेरिएंट पर बेस्ड है. इसमें Aurora Green डुअल-टोन कलर, प्रीमियम सीट कवर, खास MillionR बैजिंग और यूनिक ग्राफिक्स दिए गए हैं. इन बदलावों की वजह से स्कूटर का लुक पहले से थोड़ा अलग और खास नजर आता है, जबकि इसका जाना-पहचाना डिजाइन बरकरार रखा गया है.
ज्यादा स्टोरेज के साथ मिले नए काम के फीचर्स
TVS iQube MillionR Edition में रोजाना इस्तेमाल को आसान बनाने वाले कुछ काम के फीचर्स भी जोड़े गए हैं. इसमें आगे की तरफ एक नया यूटिलिटी स्टोरेज कम्पार्टमेंट मिलता है, जिससे स्कूटर की कुल स्टोरेज कैपेसिटी 32 लीटर से बढ़कर 35.5 लीटर हो गई है. इसके अलावा, इसमें USB Type-C चार्जिंग पोर्ट भी दिया गया है.
ये भी पढ़ें: एक बार चार्ज करने पर चलेगा 178km, मिलेगी 75km/h की टॉप स्पीड, मार्केट में लॉन्च हुआ नया इलेक्ट्रिक स्कूटर
बैटरी और रेंज
बैटरी और रेंज के मामले में कोई बदलाव नहीं किया गया है. इस स्कूटर में पहले की तरह 3.5kWh बैटरी मिलती है, जो सिंगल चार्ज में 145km की क्लेम्ड IDC रेंज देती है. इसके साथ 118 से ज्यादा कनेक्टेड टेक्नोलॉजी फीचर्स भी मिलते हैं, जिनकी मदद से राइडर्स को कई स्मार्ट और कनेक्टेड फंक्शन मिल जाते हैं.
कितनी है कीमत?
TVS iQube MillionR Special Edition की कीमत 1,40,710 रुपये (एक्स-शोरूम, महाराष्ट्र) रखी गई है. वहीं, TVS iQube की पूरी रेंज 1,13,087 रुपये से शुरू होती है. अगर आप BaaS प्लान के साथ इसे खरीदना चाहते हैं, तो इसकी शुरुआती कीमत 59,999 रुपये है.
डिलीवरी के साथ गेम और इनाम का भी मजा
पुणे में हुआ यह डिलीवरी इवेंट सिर्फ गाड़ियां देने का इवेंट नहीं था. इसे एक छोटे से मिलन समारोह की तरह रखा गया था. कस्टमर्स अपने परिवार के साथ पहुंचे. यहां लोगों के लिए कई मजेदार गेम और दूसरी एक्टिविटीज रखी गई थीं. साथ ही, इनाम जीतने का मौका भी दिया गया. एक साथ काफी ज्यादा गाड़ियों की डिलीवरी होनी थी, इसलिए कस्टमर्स को बारी-बारी से गाड़ियां सौंपी गईं.
ये भी पढ़ें: 2 फुल-फेस हेलमेट भी होंगे फिट, ये 5 इलेक्ट्रिक स्कूटर्स देते हैं जबरदस्त बूट स्पेस, एक में 70 लीटर तक जगह
