Video : डीडी न्यूज ने एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी के पेरिस पहुंचने का वीडियो शेयर किया है. वीडियो में मोदी धीरे-धीरे आगे बढ़ते नजर आते हैं, जबकि उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग खड़े दिखाई देते हैं. इस दौरान “मोदी-मोदी” और “भारत माता की जय” के नारे गूंजते हैं. प्रधानमंत्री भी वहां मौजूद लोगों से बेहद आत्मीयता के साथ मिलते और उनका अभिवादन स्वीकार करते नजर आते हैं. इस दौरान उत्साह का माहौल दिखा.
स्वागत के दौरान आगे बढ़ते हुए प्रधानमंत्री मोदी की नजर एक छोटे बच्चे पर पड़ी. उन्होंने प्यार से उसे दुलारा और फिर लोगों से मिलने आगे बढ़ गए. पीछे बैंड-बाजे पर “दिल दिया है, जान भी देंगे ऐ वतन तेरे लिए…” गीत बज रहा था. मोदी लोगों से हाथ मिलाते और उनका अभिवादन स्वीकार करते नजर आए. इसी बीच किसी ने पीछे से “केम छो…” कहकर उनका स्वागत किया. एक बुजुर्ग महिला ने भी उनका हाथ पकड़ लिया, जिससे मोदी ने मुस्कुराते हुए आत्मीयता के साथ मुलाकात की. देखें वीडियो.
प्रवासी भारतीयों ने मेरा गर्मजोशी से स्वागत किया : प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को फ्रांस के शहर एवियॉन से पेरिस पहुंचे. इससे पहले उन्होंने जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया, जहां भारत को अतिथि देश के रूप में आमंत्रित किया गया था. पेरिस उनकी फ्रांस और स्लोवाकिया की दो देशों की यात्रा का आखिरी पड़ाव है, जहां कई अहम कार्यक्रम प्रस्तावित हैं. प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक ‘पोस्ट’ में कहा कि मैं कुछ ही समय पहले पेरिस पहुंचा हूं, जहां प्रवासी भारतीयों ने मेरा गर्मजोशी से स्वागत किया. भारत और फ्रांस को करीब लाने के उनके प्रयासों पर मुझे गर्व है. उन्होंने कहा कि भारत-फ्रांस की साझेदारी वैश्विक प्रगति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है.
यह भी पढ़ें : होर्मुज से लेकर ट्रेड तक, पीएम मोदी और ट्रंप की बैठक में कई मुद्दों पर हुई चर्चा
