Bokaro News : 101 युवतियों को तलवार भेंट किया गया सम्मानित
Bokaro News : हनुमान जन्मोत्सव पर दुर्गा वाहिनी का सम्मान समारोह
By MANOJ KUMAR | Updated at :
Bokaro News :प्रतिनिधि, गांधीनगर. संडे बाजार स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर गुरुवार की देर शाम बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त तत्वावधान में मातृ शक्ति दुर्गा वाहिनी सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम के दौरान 101 युवतियों को तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया. शुरुआत विधिवत हनुमान जी के पूजन-अर्चन एवं आरती के साथ हुई.
अपने बच्चों को सनातन धर्म की विशेषताओं से अवगत करायें :
मौके पर चित्रकूट से पधारे प्रखर प्रवचनकर्ता स्वामी सीताराम शरण जी महाराज ने कहा कि अनेकता में एकता भारत की सबसे बड़ी विशेषता है. विश्व में भारत ही ऐसा देश है, जहां सनातन धर्म के अनुयायी अपनी प्राचीन सभ्यता और संस्कृति को जीवित रखे हुए हैं. उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति की रक्षा में साधु-संतों की भूमिका हमेशा अग्रणी रही है और समाज को इसे और सशक्त बनाने के लिए एकजुट रहना चाहिए . स्वामी जी ने विशेष रूप से बच्चों को संस्कारवान बनाने पर जोर देते हुए कहा कि अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों को सनातन धर्म की विशेषताओं से अवगत करायें. उन्होंने बेटियों को ‘शेरनी’ बनाने की बात कही, ताकि वे हर परिस्थिति में आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकें.
धर्म की रक्षा के लिए एकजुट प्रयास जरूरी :
विहिप के प्रांत प्रमुख विनय कुमार ने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा के लिए एकजुट प्रयास जरूरी है. उन्होंने बताया कि अब बेटियां भी इस दिशा में आगे आकर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं. स्वागत संबोधन में बजरंग दल के जिला सहसंयोजक अभिमन्यु पासवान उर्फ भोला ने कहा कि संगठन सदैव सनातन धर्म की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है. कार्यक्रम का उद्देश्य युवतियों को सम्मानित कर उन्हें समाज के प्रति जागरूक बनाना है. समारोह में गणमान्य अतिथियों को भी तलवार एवं अंगवस्त्र देकर सम्मान प्रदान किया गया. इस अवसर पर बड़े स्क्रीन पर ‘केरल स्टोरी’ फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने रुचि के साथ देखा. कार्यक्रम का संचालन टीनू झा ने किया. इस समारोह में गांधीनगर, कुरपनिया, खासमहल, संडे बाजार, चार नंबर, जारंगडीह, कथारा, करगली, फुसरो एवं ऊपरघाट समेत विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. मौके पर भोला पासवान, कुणाल कुमार, पंकज साहनी, मंटू पासवान, अभि सिंह, गौतम पासवान, गौतम सेन गुप्ता, पुरुषोत्तम कुमार, शक्ति श्रीवास्तव, रघु सिंह, अनमोल साहू, जितेंद्र रजक, नरेंद्र कुमार, टीनू झा, सूरज, अशोक निषाद, जिम्मी सिंह, सूरज तांती सहित कई लोग उपस्थित थे.