सोचिए, एक बच्चा आपसे कुछ कहना चाहता है, लेकिन उसके पास बोलने का कोई तरीका नहीं है. वह आपको देखता है, इशारों से समझाने की कोशिश करता है, लेकिन उसकी बात आप तक नहीं पहुंच पाती. ऐसे पल में आप क्या करेंगे?
एक वायरल वीडियो में ऐसे ही हालात आने के बाद कनाडा की जेसिका फ्लेचर ने अपने बेटे हंटर के लिए इसका ऐसा सॉल्युशन खोजा, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया.
बेटे की बात करने बांह पर बनाया टैटू
हंटर बात करने के लिए AAC (Augmentative and Alternative Communication) डिवाइस का इस्तेमाल करता है, लेकिन परिवार के साथ खाना खाते समय अचानक यह डिवाइस बंद हो गया. बेटे को अपनी बात कहने में परेशानी हुई तो जेसिका ने ऐसा रास्ता चुना, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी. उन्होंने अपनी बांह पर पूरा कीबोर्ड टैटू बनवा लिया, ताकि डिवाइस बंद होने पर भी हंटर अपनी मां से अपनी बात कह सके.
जेसिका का यह टैटू सिर्फ बांह पर बना कीबोर्ड नहीं है. बल्कि यह उस मां की कोशिश है, जो अपने बेटे को यह एहसास दिलाना चाहती है कि उसकी आवाज कभी बंद नहीं होगी. डिवाइस खराब हो सकता है, बैटरी खत्म हो सकती है और तकनीक कभी-कभी जवाब दे सकती है. लेकिन हंटर के लिए उसकी मां की इस कोशिश के बाद वह हमेशा अपनी बात कह सकता है.
यह वीडियो बता रहा है कि एक मां ने अपने बेटे के लिए सिर्फ उसकी आवाज का इंतजाम नहीं किया. बल्कि उसने अपनी बांह पर यह भरोसा लिखवा लिया कि जब भी उसके बेटे को कुछ कहना होगा, वह उसे सुनने के लिए हमेशा वहां होगी.
