America Pakistan News : अमेरिकी सेनेटर रिक स्कॉट ने अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर कराने को लेकर पाकिस्तान की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं. पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार पर शामिल होने ईरान गए थे. अमेरिकी सेनेटर ने इसे महज एक ढोंग करार दिया है.
सांसद ने सोशल मीडिया (X) पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें पाकिस्तान पीएम खामेनेई को श्रद्धांजलि दे रहे हैं. इस वीडियो में शहबाज शरीफ खामेनेई को एक महान नेता, जिन्हें लाखों मुसलमान याद रखेंगे, बताते हुए दिखाया गया है.
"विश्व याद रखे पाकिस्तान वास्तव में कौन है"
अपने पोस्ट में सांसद स्कॉट ने आतंकवाद और देश के भीतर धार्मिक उत्पीड़न से इस्लामाबाद के ऐतिहासिक संबंधों पर तीखा हमला किया. उन्होंने चेतावनी दी कि वाशिंगटन देश की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रख रहा है. उन्होंने जनता को पाकिस्तान के समस्याग्रस्त इतिहास की याद दिलाते हुए कहा कि इन सबके बीच विश्व को यह याद रखना चाहिए कि पाकिस्तान वास्तव में कौन है.
पाकिस्तान मध्यस्थता करने के योग्य नहीं
उन्होंने अपने पोस्ट में इस्लामाबाद की जमकर आलोचना करते हुए कहा, "हमें यह याद रखना होगा कि इस सब के बीच पाकिस्तान की असली पहचान क्या है. हम एक ऐसे देश की बात कर रहे हैं जहां बिन लादेन एक दशक तक छिपा रहा. जहां वे चुनिंदा रूप से एकतरफा ईशनिंदा कानूनों को लागू करके ईसाइयों को सताते हैं, और जहां के प्रधानमंत्री ने अभी-अभी उस नरसंहार करने वाले तानाशाह की प्रशंसा की है जो कभी ईरान पर शासन करता था."
उन्होंने यह भी कहा कि दक्षिण एशियाई देश "हमास को पनाह देने वाले कतरियों से बेहतर 'मध्यस्थता' करने के योग्य नहीं है." उन्होंने शासन को सीधी चेतावनी देते हुए कहा, "इस्लामाबाद को ध्यान देना चाहिए, हम कड़ी नजर रख रहे हैं."
28 फरवरी को खामेनेई की मौत
ईरान के सर्वोच्च लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल के हमले में हो गई थी. जिनके पार्थिव शरीर को साइंटिफिक तरीके से सुरक्षित रखा गया था. जिनका अंतिम संस्कार आज 8 जुलाई 2026 को किया जा रहा है. इसमें ईरान के कई मित्र मुल्कों के नेता शिरकत कर रहे हैं.
