Trump Tariffs : कोर्ट से झटका लगने के बाद तिलमिलाए डोनाल्ड ट्रंप, कहा– टैरिफ अब भी लागू

Trump Tariffs : अमेरिकी अपील कोर्ट ने एक अहम फैसला दिया है जिससे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जोरदार झटका लगा है. कोर्ट ने ट्रंप द्वारा लगाए गए अधिकांश टैरिफ को गैरकानूनी करार दिया है. हालांकि, ट्रंप ने इस फैसले को मानने से इंकार कर दिया और साफ कहा कि टैरिफ अभी भी लागू रहेंगे.

Trump Tariffs : अमेरिका की राजनीति और अर्थव्यवस्था में हलचल मचाते हुए एक अपील कोर्ट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अधिकांश टैरिफ को गैरकानूनी घोषित कर दिया. इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति का रिएक्शन सामने आया है. उन्होंने अमेरिकी अपील कोर्ट के उस फैसले पर पलटवार किया, जिसमें उनकी अधिकांश टैरिफ नीतियों को गैरकानूनी करार दिया गया. ट्रंप ने जोर देकर कहा कि उनकी टैरिफ नीति अभी भी लागू है और उन्होंने इस मामले को सुप्रीम कोर्ट में ले जाने की बात कही है.

ट्रंप का रिएक्शन ऐसे वक्त में आया जब कोर्ट ने उनके अधिकांश टैरिफ को गैरकानूनी करार दिया, जो उनकी एक प्रमुख आर्थिक नीति के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. हालांकि, कोर्ट ने 14 अक्टूबर तक इन टैरिफ को लागू रहने की अनुमति दी है, ताकि प्रशासन को सुप्रीम कोर्ट में इस फैसले को चुनौती देने का मौका मिल सके.

अंत में अमेरिका ही जीतेगा : डोनाल्ड ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “सभी टैरिफ अभी भी लागू हैं! एक पक्षपाती अपील कोर्ट ने गलत तरीके से कहा कि हमारे टैरिफ हटा दिए जाने चाहिए, लेकिन उन्हें पता है कि अंत में अमेरिका ही जीतेगा.” उन्होंने कहा, “अगर ये टैरिफ हटा दिए गए, तो यह देश के लिए पूरी तरह से विनाशकारी होगा. इससे हमारी वित्तीय स्थिति कमजोर हो जाएगी, जबकि हमें मजबूत रहना होगा. अमेरिका अब उन भारी व्यापार घाटों, अनुचित टैरिफ और गैर-टैरिफ व्यापार बाधाओं को बर्दाश्त नहीं करेगा, जो अन्य देश हम पर थोपते हैं. अगर इस फैसले को ऐसे ही रहने दिया गया, तो यह अमेरिका को पूरी तरह बर्बाद कर देगा.”

यह भी पढ़ें : US Vice President: ट्रंप की कुर्सी पर मंडराया साया? वेंस बोले- मैं संभालने को तैयार

नासमझ नेताओं ने टैरिफ को हमारे खिलाफ इस्तेमाल होने दिया : डोनाल्ड ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा, “इस लेबर डे वीकेंड की शुरुआत में, हमें याद रखना चाहिए कि टैरिफ हमारे श्रमिकों की मदद करने और उन कंपनियों को समर्थन देने का सबसे अच्छा साधन हैं, जो बेहतरीन ‘मेड इन अमेरिका’ उत्पाद बनाती हैं. कई सालों तक, हमारे लापरवाह और नासमझ नेताओं ने टैरिफ को हमारे खिलाफ इस्तेमाल होने दिया. लेकिन अब, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट की मदद से हम इन टैरिफ का इस्तेमाल अपने देश के हित में करेंगे और अमेरिका को फिर से अमीर, मजबूत और शक्तिशाली बनाएंगे.”

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >